
Rahu Shanti Ke Upay: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार राहु ग्रह पर मां दुर्गा का शासन है और इस क्रूर-उत्पाती ग्रह को नियंत्रित करने वाली एक मात्र शक्ति दुर्गा ही हैं। इसलिए बिगड़े हुए राहु के अशुभ प्रभाव को रोकने के लिए मां दुर्गा की पूजा अर्चना जरूरी है।
इन्हीं आदि शक्ति की पूजा का उत्सव नवरात्रि है, इसलिए इस समय मां दुर्गा के आशीर्वाद से राहु के दुष्प्रभावों को शुभ फलों में परिवर्तित करने के लिए कुछ काम आवश्यक है। आइये जानते हैं राहु के अशुभ प्रभाव से बचने के लिए शारदीय नवरात्रि में क्या काम करें…
ग्रहों की पूजा उनके शुभ प्रभाव को बढ़ाने का ही काम करती है। यदि राहु जैसे ग्रह आपको परेशान कर रहे हैं तो शारदीय नवरात्रि के अलावा भी मां दुर्गा की पूजा में मन लगाना चाहिए। इसके लिए आप चंडी पाठ आदि कर सकते हैं। जिस व्यक्ति से मां दुर्गा प्रसन्न रहती हैं, कोई भी ग्रह उनको परेशान नहीं कर सकता है।
इसलिए व्यक्ति को दुर्गाजी की पूजा श्रद्धा से करना चाहिए। अधिक समय नहीं है तो एक निश्चित संख्या में नियम से मां दुर्गा के मंत्र या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः अथवा ऊं श्रीं ह्रीं श्रीं दुर्गा देव्यै नमः का जाप करना चाहिए। इससे मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और जिस पर मां दुर्गा प्रसन्न रहें, कोई भी ग्रह कुछ नहीं बिगाड़ सकता, चाहे वह राहु ही क्यों न हो।
डिस्क्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारियां पूर्णतया सत्य हैं या सटीक हैं, इसका www.patrika.com दावा नहीं करता है। इन्हें अपनाने या इसको लेकर किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले इस क्षेत्र के किसी विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।