औरैया

किशोरी ने मिट्टी का तेल डालकर लगाई आग, घटना का कारण जानना पुसिल के लिए बनी चुनौती

नाबालिग किशोरी ने मिट्टी का तेल डालकर अपने आपको आग के हवाले कर लिया।
2 min read
• •
Updated: 2 Jul 2018, 2:45 PM IST
A minor girl suicide in auraiya up
किशोरी ने मिट्टी का तेल डालकर लगाई आग, घटना का कारण जानना पुसिल के लिए बनी चुनौती

औरैया. जनपद के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी ने मिट्टी का तेल डाल कर अपने को आग के हवाले कर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। परिजन कुछ नामजदों पर, गाली गलौज कर अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या किए जाने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने तुरंत सूचना के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। अभी तक परिजनों ने कोई लिखित तहरीर पुलिस को नहीं दी है।

अटसू कस्बे के मोहल्ला अम्बेडकर नगर निवासी राजकुमार पुत्र विधीचन्द्र दोहरे की पुत्री वन्दना (15वर्ष), कक्षा आठ पास कर पढ़ाई बन्द कर घर पर ही रह रही है। उसकी मां की मौत कई वर्षों पहले ही हो चुकी है। पिता राजकुमार दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। शुक्रवार को उसका एक भाई शिवम अपनी बहन के घर गया हुआ था। बड़ी बहन रिश्तेदारी में समरथपुर औरैया गई हुई थी। उसके बाबा व दादी घर के बरामदे में सो रहे थे। घर की छत पर वंदना अपने छोटे भाई हिमांशु के साथ सोने के लिए गई थी।

मोहल्ले के कुछ लोगों पर गाली गलौज आरोप

नाबालिग किशोरी देर रात को छत से नीचे उतर आई और एक कमरे में रखे मिट्टी के तेल को अपने ऊपर डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरी वंदना की चीख सुनकर उसका भाई नीचे उतर कर आया और शोर मचाया। आस पड़ोस के लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर उसे सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना में परिजन मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर गाली गलौज करने आरोप लगाया है।

रिपोर्ट के आधार पर होगी अग्रिम कार्रवाई

तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति ने बताया कि मामले की सूचना मिली थी। कोतवाली पुलिस को मौके पर भेजकर कार्यवाई के लिए आदेशित किया गया है। कोतवाली निरीक्षक बलिराज शाही ने बताया कि मोबाइल पर एक लड़की द्वारा आग लगा लिए जाने की सूचना मिली थी। कुछ ही देर बाद उसकी मौत की सूचना सीएचसी अजीतमल के डाक्टर द्वारा दी गई। अभी तक परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। परिजनों की सूचना पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाई की जाएगी। घटना के पीछे जो भी वजह होगी उसकी जांच की जाएगी।

Published on: