औरैया

औरैया में बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में बुलेट सवार दंपती घायल, टक्कर से बुजुर्ग की मौत

Road Accident:औरैया में हाईवे पर अज्ञात बुजुर्ग को बचाने में बुलेट सवार दंपती दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि घायल दंपती को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस शिनाख्त में जुटी है।

2 min read
Apr 24, 2026

कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात हुए एक सड़क हादसे में एक अज्ञात बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बुलेट मोटरसाइकिल सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार ने देर रात करीब साढ़े नौ बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव भाऊपुर के पास हुई। कानपुर-इटावा हाईवे से गुजर रहे सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव पढ़ीन दरवाजा निवासी गोपाल गुप्ता (27) अपनी पत्नी अंजली गुप्ता (25) के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे।

ये भी पढ़ें

Kanpur Weather Update: अप्रैल में ही झुलसाने लगी गर्मी, 43 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर गांव भाऊपुर के पास अचानक लगभग 65 वर्षीय एक अज्ञात बुजुर्ग सड़क पार करने के लिए आ गए। बुलेट चालक गोपाल गुप्ता ने बुजुर्ग को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर बुजुर्ग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेट सवार पति-पत्नी और बुजुर्ग तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल, औरैया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अज्ञात बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दंपती गोपाल गुप्ता और उनकी पत्नी अंजली को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, दंपती की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।

सदर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक बुजुर्ग की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। उसके पास से कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। मृतक की उम्र लगभग 65 वर्ष आंकी गई है।

कोतवाल ने कहा, "शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचित कर दिया गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर भी मृतक का फोटो और हुलिया जारी कर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।"

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Published on:
24 Apr 2026 11:17 pm
Also Read
View All