औरैया

औरैया में टला बड़ा हादसा: बैक करते समय खुले नाले में समाई वैन, ड्राइवर ने ऐसे बचाई जान

Auraiya News:औरैया के खानपुर चौराहे पर सर्विस रोड किनारे बैक करते समय वैन खुले नाले में गिरकर पलट गई। अंधेरे में चालक को गहराई का अंदाजा नहीं लगा। ड्राइवर ने कूदकर जान बचाई। नाला महीनों से खुला पड़ा था।

2 min read
Apr 22, 2026

औरैया के खानपुर चौराहे के पास बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हाईवे की सर्विस रोड के किनारे स्थित खुले नाले में एक वैन अनियंत्रित होकर जा गिरी। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वक्त रहते वैन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। वैन में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था, वरना नुकसान और बड़ा हो सकता था।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन चालक अपनी गाड़ी को सर्विस रोड पर बैक कर रहा था। शाम का वक्त होने के कारण अंधेरा काफी था और सर्विस रोड के किनारे बना नाला पूरी तरह से खुला पड़ा है। नाले पर न तो कोई जाली थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगा था। इसी वजह से चालक को नाले की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:शादी के 6 महीने बाद पत्नी गई मायके, 7 साल नहीं लौटी, युवक ने कर ली आत्महत्या

बैक करते समय अचानक वैन का पिछला हिस्सा नाले में चला गया और देखते ही देखते पूरी गाड़ी पलटकर नाले में समा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर दौड़े। कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर खासा आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना है कि हाईवे की सर्विस रोड के किनारे यह नाला कई महीनों से खुला पड़ा है। कई बार प्रशासन से इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंधेरे में यह नाला ‘मौत के गड्ढे’ की तरह है। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही नाले को कवर नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि “हादसे की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। वैन को नाले से निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई है। प्रथम दृष्टया हादसे की वजह खुला नाला और अंधेरा है। मामले की जांच की जा रही है।” फिलहाल पुलिस ने वैन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Published on:
22 Apr 2026 11:20 pm
Also Read
View All