1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिपाही ने महिला से की शर्मनाक हरकत: काग्रेस ने ऑडियो शेयर करके UP पुलिस और सरकार को घेरा, आरोपी पर गिरी गाज

औरैया में यूपी पुलिस के मुख्य आरक्षी का कथित अभद्र ऑडियो वायरल होने से बवाल मच गया। आरक्षी का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने पुलिस और यूपी सरकार पर हमला बोला है। फिलहा, पुलिस ने आरोपी मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया है।

2 min read
Google source verification
UP Police, Viral Audio

सांकेतिक इमेज- पत्रिका

Auraiya Viral Audio Case:औरैया में यूपी पुलिस के मुख्य आरक्षी का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है। ऑडियो में एक युवती से अभद्र भाषा में बातचीत का आरोप है। सोशल मीडिया पर यह रिकॉर्डिंग तेजी से फैल रही है, जिसके बाद कांग्रेस व अन्य लोग पुलिस की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष ने भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया है। लोगों का कहना है कि जब सुरक्षा देने वाली संस्था पर ही सवाल उठने लगें, तो आम महिलाओं का भरोसा कमजोर पड़ता है। यही वजह है कि यह मामला अब सिर्फ एक ऑडियो तक सीमित नहीं रह गया है।

कांग्रेस ने सरकार को घेरा

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इस वायरल मामले को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिन में 'मिशन शक्ति' का ढोंग, रात में वर्दीधारी रोमियो' यूपी पुलिस का यही है असली 'नारी वंदन'? यूपी में आधी रात को 'नारी वंदन' का शर्मनाक सच! औरैया जिले के एक थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह आधी रात को एक युवती को फोन करता है।

पहले तो रक्षक होने का ढोंग रचते हुए कहता है कि तुम्हारी रिपोर्ट दर्ज हो गई है और फिर जब युवती उसकी बदतमीजी को बढ़ावा नहीं देती तो मर्यादा की सारी सीमाएं लांघकर ऐसी गंदी गालियां देता है जिसे सुना भी नहीं जा सकता। क्या यही है उत्तर प्रदेश पुलिस का असली चाल, चरित्र और चेहरा? बेटियों की सुरक्षा का दम भरने वाली सरकार जवाब दे कि वर्दी की आड़ में छिपे इन गुंडों को कब ठिकाने लगाया जाएगा? वही कांग्रेस की इस प्रतिक्रिया के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर भी लोग सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाब मांगते दिखाई दिए।

ऑडियो में क्या सुनाई दे रहा?

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर मुख्य आरक्षी राजेंद्र सिंह एक युवती से देर रात फोन पर बात करते सुनाई दे रहे हैं। शुरुआत में वह युवती को भरोसा दिलाते हैं कि उसकी शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस उसकी मदद करेगी। लेकिन बातचीत आगे बढ़ने पर कथित तौर पर पुलिसकर्मी का व्यवहार बदल जाता है। आरोप है कि उसने युवती के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मर्यादा भूल गया। यही हिस्सा सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर कोई पुलिसकर्मी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करेगा तो महिलाओं का भरोसा पुलिस पर कैसे कायम रहेगा।

पुलिस ने तुरंत किया निलंबित

मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने भी तेजी से कार्रवाई की। क्षेत्राधिकारी बिधूना ने बताया कि वायरल ऑडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की गई। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक औरैया ने मुख्य आरक्षी राजेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि महिला सम्मान से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि सोशल मीडिया पर लोग अभी भी सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।