
फोटो सोर्स- औरैया पुलिस
Murder in Auraiya: औरैया में 10 मई को घर से कूड़ा डालने के लिए निकला युवक वापस नहीं आया। इस संबंध में घर वालों ने थाने में तहरीर देकर पुलिस को जानकारी दी और गायब की तलाश शुरू की। 11 मई को युवक का शव कुएं के अंदर पड़ा मिला। मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्होंने बहन के साथ गलत हरकत करने पर युवक की हत्या की है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामला बिधूना थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के औरैया के बिधूना थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर जागू गांव में 10 मई को बीपी सिंह उर्फ नंदकिशोर (32) पुत्र अतर सिंह घर से कूड़ा डालने के लिए निकला था, फिर वापस नहीं लौटा। इस संबंध में अतर सिंह ने थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। 11 मई को नंदकिशोर का शव घर से 800 मीटर की दूरी पर कुएं में मिला, जिसकी हत्या की गई थी। शव मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय थाना पुलिस पहुंच गई, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीमों का गठन किया था। पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नंदकिशोर का शव घर से 800 मीटर की दूरी पर कुएं में मिला। इस मामले में गांव के ही रहने वाले राजकिशोर उर्फ कल्लू और कुंज बिहारी पुत्रगण इंद्र बहादुर बाथम निवासी कल्याणपुर जागू को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार पूछताछ के दौरान हत्यारों ने बताया कि नंदकिशोर ने उनकी बहन के साथ गलत हरकत की थी, जिससे वह रंजिश मान रहे थे। 10 मई को योजना के अनुसार नंदकिशोर की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि नंदकिशोर कूड़ा डालकर पेड़ के नीचे बैठ गया। उसी समय राज राजकिशोर ने नंदकिशोर के सर पर ईंट मार दिया, जिससे वह गिर गया। ईंट से ही उसकी हत्या कर दी और छोटे भाई कुंज बिहारी के साथ शव के हाथ-पैर बांधे, साइकिल में रखकर कुएं में डाल दिया।
शव को छुपाने के लिए बाजरे की परली से ढक दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या में शामिल खून से सना ईंट को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही मृतक का एंड्रॉयड फोन और साइकिल भी बरामद की गई है। पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में बिधुना थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान, स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप कुमार, प्रभारी सर्विलांस, उप उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार शामिल हैं।
Updated on:
17 May 2026 06:17 pm
Published on:
17 May 2026 06:17 pm
बड़ी खबरें
View Allऔरैया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
