औरैया

औरैया में गरजे शिवपाल सिंह यादव, 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का किया दावा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव औरैया पहुंचे थे। यहां उन्होंने आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
2 min read
Jun 21, 2025
SHIVPAL SINGH YADAV
शिवपाल सिंह यादव, PC: IANS

औरैया में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि जिस तरह का माहौल प्रदेश की सरकार में बना हुआ है, इससे जनता काफी परेशान है। जनता बदलाव चाहती है और 2027 में यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

भाजपा पर जमकर भड़के शिवपाल

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ट्रांसफर पोस्टिंग का इस्तेमाल सिर्फ वसूली के लिए किया जा रहा है। भाजपा के शासन को करीब नौ साल हो गए हैं और उन्होंने कहीं भी कोई वास्तविक काम नहीं किया है। जनता महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था से परेशान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में बुद्धि की कमी है। अगर इनमें बुद्धि होती तो यूपी की जनता परेशान नहीं होती। शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा अपनी सरकार में सिर्फ भ्रष्टाचार ही कर सकती है। काम आज तक इनकी सरकार में नहीं हुआ है।

भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर: शिवपाल

शिवपाल यादव ने दावा किया है कि प्रदेश की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। तहसील, थाने, सरकारी कार्यालय में बिना पैसे के काम नहीं हो रहा है। लोगों को मजबूरन पैसा देकर काम कराना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति रखने का दावा करने वाली भाजपा सुबह से शाम तक सिर्फ झूठ बोलने का काम कर रही है।

लोगों की आवाज बन रही है समाजवादी पार्टी

शिवपाल ने कहा, ‘यहां की जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी लोगों की आवाज बन रही है और लोगों के साथ मजबूती के साथ खड़ी है। प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। आए दिन अपराध की घटनाएं हो रही हैं। अब यूपी की जनता बदलाव चाहती है। मैं कहना चाहता हूं कि 2027 में समाजवादी पार्टी की फिर से सरकार बनेगी’।

Published on:
21 Jun 2025 08:09 pm