
iPhone 18 Pro Max: एप्पल (Apple) के अगले फ्लैगशिप स्मार्टफोन iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लेकर लॉन्च से पहले कई बड़े दावे सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार कंपनी बड़ी बैटरी, अपग्रेडेड कैमरा सिस्टम, नई A20 चिप और पहले से ज्यादा दमदार AI फीचर्स के साथ फोन पेश कर सकती है। साथ ही कीमत बढ़ने की भी चर्चा है, जिसकी वजह महंगे चिप्स और कंपोनेंट्स को बताया जा रहा है। हालांकि Apple ने अभी तक इन फीचर्स, कीमत या लॉन्च से जुड़ी किसी भी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इस बार iPhone 18 के कैमरा में सबसे बड़ा अपग्रेड देखना को मिलेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार Apple वेरिएबल अपर्चर वाला मेन कैमरा टेस्ट कर रही है, जिससे अलग-अलग रोशनी में बेहतर तस्वीरें ली जा सकेंगी। इसके अलावा नया थ्री-लेयर स्टैक्ड इमेज सेंसर मिलने की भी चर्चा है, जिससे लो-लाइट फोटोग्राफी, डायनेमिक रेंज और फोटो क्वालिटी बेहतर हो सकती है। टेलीफोटो कैमरे में भी बड़ा अपर्चर मिलने की उम्मीद है, जिससे जूम फोटो पहले से ज्यादा साफ आ सकती हैं।
लीक्स के मुताबिक iPhone 18 Pro Max में अब तक की सबसे बड़ी बैटरी दी जा सकती है। रिपोर्ट्स में इसकी क्षमता करीब 5,567mAh बताई गई है, जबकि iPhone 18 Pro में 4,288mAh बैटरी मिलने की संभावना है। ज्यादा पावर-एफिशिएंट प्रोसेसर के साथ बैटरी बैकअप भी पहले से बेहतर हो सकता है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि बड़ी बैटरी के कारण फोन का डिजाइन थोड़ा मोटा हो सकता है।
iPhone 18 Pro सीरीज में Apple की नई A20 चिप मिलने की संभावना है, जिसे TSMC की 2nm तकनीक पर तैयार किया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह चिप A19 के मुकाबले करीब 15 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन और लगभग 30 प्रतिशत ज्यादा पावर एफिशिएंसी दे सकती है। कंपनी नई WMCM पैकेजिंग तकनीक का इस्तेमाल भी कर सकती है, जिससे ऑन-डिवाइस एआई (AI) फीचर्स और एप्पल इंटेलिजेंस (Apple Intelligence) पहले से बेहतर तरीके से काम करेंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार iPhone 18 Pro में 6.3 इंच और Pro Max में 6.9 इंच की डिस्प्ले बरकरार रह सकती है। सैमसंग की नई LTPO+ OLED तकनीक मिलने की संभावना है, जिससे डिस्प्ले की पावर खपत कम होगी। वहीं, Apple का नया C2 मॉडेम तेज 5G स्पीड, बेहतर सैटेलाइट कनेक्टिविटी और अतिरिक्त प्राइवेसी फीचर्स दे सकता है। हालांकि कुछ बाजारों में क्वालकॉम
(Qualcomm) मॉडेम का इस्तेमाल जारी रह सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार 2nm चिप और महंगे कंपोनेंट्स के कारण iPhone 18 Pro मॉडल की कीमत में 200 डॉलर तक की बढ़ोतरी हो सकती है। भारत में इसकी कीमत करीब 1,59,900 रुपये से अधिक हो सकती है। पहले भी कंपोनेंट लागत बढ़ने का असर भारतीय बाजार में देखने को मिला है। हालांकि Apple ने अभी तक लॉन्च डेट, कीमत या स्पेसिफिकेशन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और फिलहाल सभी जानकारियां लीक्स और इंडस्ट्री रिपोर्ट्स पर आधारित हैं।