ऑटोमोबाइल

पिछले तीन महीनों में Hero की इस बाइक को नहीं मिला 1 भी ग्राहक, आएगा अपडेटेड मॉडल या बंद करने की है प्लानिंग?

Hero Karizma XMR 210 की बिक्री लगातार 3 महीने से शून्य है। क्या Hero MotoCorp इसे बंद करने वाली है या नया अपडेटेड मॉडल लाने की तैयारी में है?
2 min read
Mar 31, 2025
Hero Karizma XMR 210

Hero Karizma XMR 210: हीरो मोटोकॉर्प ने 29 अगस्त 2023 को Karizma XMR 210 को भारत में लॉन्च किया था। इसकी शुरुआती कीमत 1.73 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई थी। लेकिन अब, मार्च 2025 के अंत में, इस बाइक की बिक्री लगातार गिर रही है। यहां तक हाल ये हो गया है कि, पिछले तीन महीनों से इसे एक भी ग्राहक नहीं मिला है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कंपनी ने इसे बंद कर दिया है या फिर अपने बुरे दौर से गुजर रही है। आइए, जानते हैं इस स्पोर्ट्स बाइक से जुड़ी डिटेल।

Hero Karizma XMR 210 की बिक्री का प्रदर्शन

पिछले एक साल में करिज्मा एक्सएमआर 210 की कुल 4,806 यूनिट्स बिकीं, जो प्रति माह लगभग 739 यूनिट्स होती हैं। इसके विपरीत, यामाहा R15 की इसी अवधि में 1,06,605 यूनिट्स बिकीं, जो प्रति माह 8,883 यूनिट्स के बराबर है। ध्यान देने वाली बात यह है कि R15 का इंजन छोटा और कम पावर व टॉर्क देने वाला है, फिर भी यह करिज्मा एक्सएमआर 210 से महंगी बिक रही थी।

अगर हम करिज्मा एक्सएमआर 210 की बिक्री के आंकड़े देखें, तो मार्च 2024 में इसकी सबसे अधिक 1,874 यूनिट्स बिकीं। इसके बाद बिक्री में गिरावट आई और अक्टूबर 2024 में यह केवल 7 यूनिट्स पर आ गई। नवंबर 2024 में बिक्री घटकर सिर्फ 4 यूनिट्स रह गई और दिसंबर 2024, जनवरी 2025 और फरवरी 2025 में इसकी बिक्री 0 हो गई।

आएगा अपडेट मॉडल या बंद करने की है प्लानिंग?

हीरो मोटोकॉर्प ने करिज्मा XMR 210 को बंद करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, न ही इसे अपनी वेबसाइट से हटाया है। ऐसे में संभावना है कि कंपनी इस बाइक को अपडेट करने पर विचार कर रही हो।

इसके अलावा, करिज्मा XMR 210 की जगह XMR 250 को लाने की योजना भी हो सकती है, जिसे नवंबर 2024 में पेश किया गया था। इसके बाद से लगातार तीन महीनों तक XMR 210 की बिक्री शून्य रही है।

संभावित अपडेट्स: नए मॉडल में क्या हो सकता है?

अगर हीरो मोटोकॉर्प करिज्मा XMR 210 को अपडेट करती है, तो इसमें कुछ नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। संभावित बदलावों में अपडेटेड USD टेलिस्कोपिक फोर्क्स और नया TFT डिस्प्ले क्लस्टर शामिल हो सकता है।

इस साल जनवरी 2025 में हीरो ने करिज्मा XMR 210 का कॉम्बैट एडिशन भी पेश किया था। इस मोटरसाइकिल की कीमत 1.81 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई थी। अब देखना यह होगा कि कंपनी इस मॉडल को अपडेट करके फिर से बाजार में उतारती है या पूरी तरह से बंद कर देती है।

Updated on:
31 Mar 2025 04:19 pm
Published on:
31 Mar 2025 04:19 pm