ऑटोमोबाइल

Samsung की बैटरी में आई तकनीकी खराबी, इन कार कंपनियों ने वापस बुलाई 1.8 लाख कारें

Samsung की बैटरी तकनीक में खामी के चलते 1.8 लाख कारें रिकॉल की गईं। आग लगने के संभावित खतरे के कारण यह फैसला लिया गया है, पूरा मामला जानने के लिए पढ़ें खबर।
2 min read
• •
Updated: 9 Feb 2025, 3:43 PM IST
Samsung Battery Issue Triggers Recall of 1.8 Lakh Cars Over Fire Risk

Samsung Battery Issue Triggers Recall of 1.8 Lakh Cars: दक्षिण कोरिया की टेक दिग्गज सैमसंग एक प्रमुख बैटरी निर्माता है, जो कई बड़े ऑटोमोटिव ब्रांड्स के साथ काम करती है। हाल ही में सैमसंग की हाई-वोल्टेज बैटरी तकनीक में खामी पाई गई है, जिसकी वजह से 1.8 लाख से ज्यादा कारों को रिकॉल किया गया है।

कौन-कौन सी कारें प्रभावित?

इस रिकॉल में कई ब्रांड्स की कारें शामिल हैं, जिनमें Ford, Stellantis और Volkswagen जैसे बड़े नाम हैं।

Ford की कारों की बात करें तो 2020 से 2024 के बीच बनी Ford Escape और 2021 से 2024 के बीच बनी Lincoln Corsair मॉडल्स शामिल हैं।

Volkswagen की रिकॉल की गई कारों में 2022 में बनी Audi A7 और 2022 से 2023 में बनी Audi Q5 शामिल हैं।

Stellantis ऑटो ब्रांड की तरफ से 2020 से 2024 के बीच बनी Jeep Wrangler 4Xe और 2022 से 2024 के बीच बनी Jeep Grand Cherokee 4Xe को वापस बुलाया गया है। Stellantis की 1,50,096 यूनिट्स इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

क्या है समस्या का कारण?

NHTSA (नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन) ने अपनी जांच में पाया है कि इन बैटरी पैक्स में मौजूद सेपरेटर (बैटरी की एक परत) को नुकसान हुआ है। Ford ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि यह खामी सैमसंग की बैटरी निर्माण प्रक्रिया के दौरान आई है। इन खामियों के कारण बैटरी में आग लगने का खतरा बढ़ गया है।

क्या है समाधान?

सैमसंग ने इस समस्या को स्वीकार करते हुए कहा है कि अभी इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। हालांकि, Ford की कारों के लिए एक अलर्ट सिस्टम "Stop Safely Now" इंस्टॉल किया जाएगा, जो बैटरी में कोई समस्या होने पर ड्राइवर्स को तुरंत अलर्ट करेगा।

Volkswagen और Stellantis की कारों के लिए जल्द ही एक सॉफ्टवेयर अपडेट जारी किया जाएगा, जो बैटरी की खराबी का पता लगाकर ड्राइवर्स को सतर्क करेगा।

Updated on:
9 Feb 2025, 3:43 PM IST
Published on: