
Anupam Kher Ayodhya : अयोध्या। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘श्री राम भूमि’ को लेकर चर्चा में हैं। अयोध्या में फिल्म के पहले शूटिंग शेड्यूल को पूरा करने के बाद अभिनेता बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद दिल छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने अयोध्या को 'महज एक शहर नहीं, बल्कि एक जीवंत अनुभव' बताते हुए कहा कि इस यात्रा ने उन्हें आध्यात्मिक रूप से समृद्ध किया है और वे इस पवित्र भूमि से गहराई से जुड़ गए हैं।
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर कुछ फोटो के साथ एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है। उन्होंने लिखा-'‘श्री राम भूमि’ का पहला शूटिंग शेड्यूल पूरा कर अयोध्या से वापस लौट रहा हूं…लेकिन अगर सच कहूं, तो ऐसा लग रहा है कि मेरा एक हिस्सा यहीं पीछे छूट गया है। मैं यहां से सिर्फ खूबसूरत यादें ही नहीं, बल्कि उससे कहीं ज्यादा लेकर जा रहा हूं। मैं सनातन धर्म की एक गहरी समझ, आध्यात्मिक समृद्धि का गहरा अहसास और एक ऐसी फिल्म का हिस्सा होने का अपार गर्व लेकर लौट रहा हूं, जो इतिहास और आस्था दोनों को पूरी ईमानदारी के साथ पर्दे पर लाने का प्रयास कर रही है।'
उन्होंने आगे लिखा- 'अयोध्या सिर्फ एक शहर नहीं है-यह एक दिव्य अनुभव है। यहां की हर सड़क, हर मोड़, हर घर, हर मंदिर और यहां चलने वाली हर सांस में सिर्फ एक ही नाम गूंजता है: श्री राम। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में आशीर्वाद लेना, यहां के लोगों का स्नेह पाना और इस पवित्र भूमि की दिव्य ऊर्जा को खुद में समेटना-इसने मुझे न केवल एक अभिनेता के रूप में, बल्कि एक इंसान के रूप में भी समृद्ध किया है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि अयोध्या हमेशा मेरी आत्मा का हिस्सा रहेगी। अयोध्या के सभी लोगों को मेरा सहृदय धन्यवाद। पूज्य संतों को, जिन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया; मेरे दोस्त यतींद्र और मंजरी मिश्रा को उनके प्रेम और स्वादिष्ट भोजन के लिए; मेरे निर्देशक कामाख्या जी, मेरे प्रिय मित्र और सिनेमैटोग्राफर असीम बजाज और फिल्म के हर यूनिट मेम्बर का भी आभार, जिन्होंने मुझे इस अद्भुत यात्रा का सहभागी बनाया। धन्यवाद अयोध्या! फिर मिलेंगे।
जय श्रीराम!
हाल ही में अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान चोरी की घटना पर अभिनेता अनुपम खेर की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। बयान के बाद कई लोगों ने उनकी आलोचना की, वहीं राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। इसके बाद अनुपम खेर ने एक वीडियो साझा कर अपनी सोच साफ करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि दुनिया में ऐसा कोई इंसान नहीं है जिसे हर कोई पसंद करता हो। अगर कोई व्यक्ति सभी को खुश रखने में जुट जाता है तो धीरे-धीरे लोग उसका इस्तेमाल अपने हिसाब से करने लगते हैं। इसलिए सबसे पहले इंसान को खुद की नजरों में अच्छा बनने की कोशिश करनी चाहिए।