अयोध्या

Ayodhya Traffic Update: सावन के बड़े पर्वों पर गोंडा में लागू होगा विशेष डायवर्जन, यात्रा से पहले देखें पूरा रूट प्लान

Gonda News: अयोध्या में सावन के प्रमुख पर्वों और मेले को देखते हुए गोंडा में 8 से 28 अगस्त 2026 तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। कई मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। यात्रा से पहले नया रूट प्लान जरूर देख लें।
2 min read
Aug 07, 2026
Sawan Mela
रूट डायवर्जन का निरीक्षण करते एसपी फोटो सोर्स X अकाउंट

Gonda Traffic Diversion: श्रावण मास के बड़े पर्वों और अयोध्या धाम में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गोंडा पुलिस ने 8 अगस्त से 28 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। इस दौरान कई राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा। जबकि कई रूटों पर ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। अगर आप गोंडा, अयोध्या, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच या लखनऊ की यात्रा करने वाले हैं; तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल

श्रावण मास-2026 के दौरान अयोध्या धाम में श्रावण सोमवार, श्रावण शिवरात्रि, नागपंचमी, श्रावण झूला मेला और रक्षाबंधन जैसे प्रमुख आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए गोंडा पुलिस ने जिले में विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। यह व्यवस्था अलग-अलग पर्वों के दौरान चरणबद्ध तरीके से लागू रहेगी। पहला डायवर्जन 8 अगस्त सुबह 8 बजे से 12 अगस्त सुबह 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके बाद 14 अगस्त से 17 अगस्त, फिर 23 से 24 अगस्त और अंत में 27 से 28 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। भीड़ अधिक होने पर समय बढ़ाया भी जा सकता है।

जानिए नया रूट

नई व्यवस्था के तहत लखनऊ से गोंडा होकर गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जाने वाले वाहनों को दर्जीकुआं से अलग-अलग वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। वहीं गोंडा शहर में आने वाले कई वाहनों को भी धानेपुर और उतरौला मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। ताकि शहर के अंदर जाम की स्थिति न बने।

अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों के कई मार्ग पर रहेगी रोक

अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों पर भी कई मार्गों पर रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और सीतापुर होते हुए वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। गोंडा से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन भी जरवल रोड की जगह दूसरे मार्गों का उपयोग करेंगे।

इस मार्ग पर सिर्फ पैदल श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति होगी

कर्नलगंज, परसपुर, तरबगंज, नवाबगंज और लोलपुर क्षेत्र में भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। कुछ रास्तों पर केवल श्रद्धालुओं और उनके वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। जबकि लकड़मंडी तिराहे से नया घाट पुल तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर सिर्फ पैदल श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति होगी।

यात्रा से पहले रूट डायवर्जन की कर ले जानकारी

पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी जरूर लें। वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सभी यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित की जा सकेगी।

Updated on:
07 Aug 2026 09:40 pm
Published on:
07 Aug 2026 06:35 pm