UP Assembly Election 2022 - यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए सभी दलों ने अपनी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
अयोध्या. Shivpal Singh Yadav Advice all parties यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए सभी दलों ने अपनी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहाकि, अगर भाजपा को सत्ता से हटाना है तो विधानसभा चुनाव 2022 में गैर भाजपा दलों को एकजुट होकर चुनाव लड़ना होगा। सभी गैर भाजपाई दलों को एक मंच पर आकर मिशन 2022 की रणनीति तैयार करनी होगी।
विधानसभा 2022 में जीत का मंत्र :- इसी मिशन को लेकर प्रदेश दौरे पर निकले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) सुप्रीमो शिवपाल सिंह यादव ने विधानसभा 2022 में जीत का मंत्र देते हुए कहाकि, भारतीय जनता पार्टी को हराना सभी दलों का उद्देश्य होना चाहिए। भाजपा सरकार अपने किसी वादे पर खरी नहीं उतर सकी है। महंगाई ने सभी की कमर तोड़ दी है। भाजपा सरकार सिर्फ सत्ता की हनक दिखाना जानती है।
सत्ता की हनक से जिपंअ बना रही भाजपा :- शिवपाल सिंह यादव ने कहाकि, इटावा में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में समाजवादी पार्टी और बसपा ने अपनी ताकत दिखाई, फिर भी निर्विरोध हमारी जीत हुई। भाजपा सत्ता की हनक से जिला पंचायत अध्यक्ष बना रही है। यह चुनाव नहीं हो रहा, जिला पंचायत सदस्यों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों पर डाका डाला जा रहा है। गैर भाजपाइयों को नामांकन करने तक से रोक दिया जा रहा है। उनको घर से उठाया जा रहा है, फर्जी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
अगर सभी दल एक होते तो ऐसा न होता :- शिवपाल सिंह यादव ने कहाकि, अगर सभी दल एक होते तो ऐसा न होता। आने वाले विधानसभा चुनाव में सभी दलों को एकजुट होकर भाजपा को हराना होेगा।
अयोध्या में शिवपाल :- शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को अयोध्या में संतों और महंतों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने रामायणी महंत गंगादास की छठवीं पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की। महंत बालयोगी विनोद दास का आशीर्वाद लिया। नयाघाट स्थित हनुमान किला मंदिर के भी दर्शन किए।