8 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ram Mandir First CEO: राम मंदिर के पहले सीईओ जितेंद्र मिश्र ने संभाली जिम्मेदारी, रामलला के दर्शन से शुरू हुआ पहला दिन

Ram Mandir First CEO: राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने अयोध्या पहुंचकर पदभार संभाल लिया। जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने रामलला के दर्शन किए और मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, वित्तीय प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कामकाज की शुरुआत की।
2 min read
Google source verification
ram mandir first ceo jitendra mishra assumes charge ayodhya

राम मंदिर के पहले सीईओ जितेंद्र मिश्र। फोटो-IANS

Ram Mandir First CEO: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्टके पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर अपनी नई जिम्मेदारी संभाल ली। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने सबसे पहले श्री राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। इसके बाद वह तीर्थ क्षेत्र भवन पहुंचे और मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं तथा अधिकारियों के साथ कामकाज शुरू किया।

अयोध्या में ही रहेगा CEO का ठिकाना

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने जितेंद्र मिश्र के रहने की व्यवस्था मंदिर के पास ही अपने एक भवन में की है। अब वह अयोध्या में रहकर मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, वित्तीय प्रबंधन और श्रद्धालुओं से जुड़ी सुविधाओं की निगरानी करेंगे। मंगलवार को मंदिर परिसर पहुंचने के बाद वह ग्रीन हाउस गए। यहां उन्होंने मंदिर से जुड़े अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कीं और व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी हासिल की। जितेंद्र मिश्र की नियुक्ति इसी महीने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में की गई थी।

5 हजार से ज्यादा संभावित नामों में से हुआ चयन

मंदिर के पहले CEO के चयन के लिए एक खोज समिति का गठन किया गया था। समिति की सिफारिशों के आधार पर पांच हजार से अधिक संभावित उम्मीदवारों में से जितेंद्र मिश्र का चयन किया गया। ट्रस्ट ने भारतीय वायुसेना में 39 वर्षों से अधिक के उनके विशिष्ट सेवाकाल के साथ उनके व्यापक प्रशासनिक और नेतृत्व अनुभव को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। नियुक्ति के बाद मिश्र इससे पहले अयोध्या की अपनी पहली यात्रा पर भी आए थे। उस दौरान उन्होंने ट्रस्टियों के साथ बैठक की थी और CEO के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों, कार्यक्षेत्र और मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को समझा था। इसके बाद वह दिल्ली लौट गए थे।

अब स्थायी रूप से अयोध्या में रहकर संभालेंगे काम

मंगलवार को अयोध्या पहुंचने के बाद जितेंद्र मिश्र अब स्थायी रूप से यहीं रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। CEO के तौर पर उनके सामने मंदिर की बढ़ती गतिविधियों और श्रद्धालुओं की संख्या के बीच प्रशासनिक व्यवस्था को और व्यवस्थित व प्रभावी बनाने की चुनौती होगी। उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में मंदिर प्रबंधन, सुरक्षा, कर्मचारियों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, वित्तीय प्रबंधन और विभिन्न विभागों तथा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय शामिल है।

योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे की तैयारियों पर भी बैठक

जितेंद्र मिश्र ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे की तैयारियों को लेकर भी मंदिर से जुड़े अधिकारियों के साथ समन्वय किया। मुख्यमंत्री अयोध्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सम्मान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हनुमानगढ़ी और श्री राम मंदिर में दर्शन करने वाले हैं।

मंदिर प्रशासन को पेशेवर बनाने की दिशा में अहम जिम्मेदारी

ट्रस्ट के CEO के तौर पर जितेंद्र मिश्र की नियुक्ति को मंदिर प्रशासन को अधिक पेशेवर, व्यवस्थित और जवाबदेह स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भारतीय वायुसेना में लंबे प्रशासनिक और नेतृत्व अनुभव के बाद अब उनके सामने राम मंदिर की लगातार बढ़ती व्यवस्थाओं को संस्थागत रूप देने की जिम्मेदारी है।