अयोध्या

दक्षिण कोरिया की रानी को अयोध्या दीपोत्सव में याद करेगी योगी सरकार

अखाड़ों और घाटों के सुन्दरीकरण के साथ-साथ विकास कार्यों की एक दर्जन परियोजनाओं का होगा शिलान्यास।
2 min read
• •
Updated: 18 Oct 2017, 1:57 PM IST
CM Yogi Adityanath development schemes in Ayodhya UP India News
दक्षिण कोरिया की रानी को अयोध्या दीपोत्सव में याद करेगी योगी सरकार

आवेश तिवारी

अयोध्या. मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की नगरी में यूपी सरकार द्वारा आयोजित दीपोत्सव पर्व की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग 137 करोड़ की एक दर्जन परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें कोरिया की महारानी जिनको अयोध्या का निवासी बताया जाता है, की याद में भी परियोजना की घोषणा की गई है। योगी सरकार द्वारा जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाना है उनमें तमाम मंदिर मार्गों और घाटों का सुन्दरीकरण एवं अखाड़ों में कराये जाने वाला निर्माण है। खबर है कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपोत्सव कार्यक्रम को आने वाले वर्षों में भी कराने की घोषणा कर सकते हैं।


इन परियोजनाओं का होगा शिलान्यास

योगी सरकार द्वारा जिन 12 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाना है, उनमें रामायण सर्किट के अनतर्गत अयोध्या में राम की पैड़ी का विकास, अयोध्या मुख्य मार्ग और पटरी का निर्माण कार्य, हनुमान गढ़ी, कनक भवन, दशरथ भवन पैदल यात्री मार्ग का निर्माण, सरयू नदी के दायें तट पर गुप्तार घाट का विकास, लक्ष्मण किला घाट का विकास, अयोध्या के पास स्थित मक्खापुर जहां महाराजा दशरथ ने पुत्र प्राप्ति के लिए यज्ञ किया था सब स्टेशन का निर्माण, पुराने बस स्टैंड पर पार्किंग का निर्माण, दिगंबर अखाड़े में मल्टीपर्पज हाल का निर्माण, पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर यात्री छाजक, अयोध्या फैजाबाद में पाटेश्वरी देवी मंदिर का विकास प्रमुख है।


हरिद्वार की तरह विकसित होगी अयोध्या

उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी ने पत्रिका को बताया कि अयोध्या की सभी सड़कों को बहुत सुंदर बनाएंगे। जो परियोजनाएं चल रही हैं, उन्हें बहुत जल्द पूरा किया जाएगा। अयोध्या की तर्ज पर फैजाबाद के मीरनघाट, गुप्तारघाट का भी निर्माण कराया जाएगा।राम की नगरी के विकास के लिए अयोध्या के घाटों को हरिद्वार के घाटों की तरह विकसित किया जाएगा। राम की पैड़ी भी हरि की पैड़ी का रूप लेगी। पर्यटन विकास की अन्य योजनाओं पर कार्य शुरू होगा।

Published on: