
अयोध्या में मनेगी इतिहास की सबसे बड़ी दिवाली, सीएम योगी करेंगे भगवान राम का राजतिलक
अयोध्या. यूपी की बीजेपी सरकार इस बार अयोध्या में इतिहास की सबसे बड़ी दिवाली मना रही है। भगवान राम के आगमन के लिए अयोध्या पूरी तरह तैयार है। जमाने पहले भगवान राम के बनवास से लौटने के बाद जैसी दिवाली मनाई गई थी, कुछ ऐसी ही तैयारी अयोध्या में इस बार की गई है। बस फर्क इतना है कि आज पुष्पक विमान की जगह राम और सीता हेलीकॉप्टर से अयोध्या आएंगे, जिनका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी पूरी कैबिनेट के साथ राजतिलक करेंगे। साथ ही सरयू नदी पर राम की पैड़ी में आज दीप उत्सव भी मनाया जाएगा।
कई विकास कार्यों के होंगे शिलान्यास
दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार आज इसे पर्यटन पर्व के रूप में मना रही है। इस मौके पर केंद्र पोषित पर्यटन योजनाओं तथा अन्य विकास कार्यो का शिलान्यास किया जाएगा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राज्यपाल राम नाईक भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री महेश शर्मा, केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार केजे अल्फोंस, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद और दिनेश शर्मा समेत कई अन्य मंत्रियों की मौजूदगी रहेगी।
ये है पूरा कार्यक्रम
- सुबह 7 बजे से 9 बजे तक अयोध्या की हेरिटेज वॉक हुई। कंचन भवन से नागेश्वरधाम तक भीड़ जुटी।
- अपरान्ह 1 बजे से 4 बजे तक शोभायात्रा का आयोजन होना है। यह यात्राा साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक चलेगी।
- शाम 4.05 बजे से 4.25 बजे तक श्री राम- सीता का हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क पर अवतरण, फिर श्रीराम जानकी का पूजन वंदन होगा। इसके बाद राजा राम का राज्याभिषेक कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संपन्न करेंगे।
- शाम 6.00 बजे से 7.15 बजे तक सरयू जी की आरती और समस्त घाटों पर दीप प्रज्जवलन होगा। राम की पैड़ी पर 1,71,000 हजार दीपों का प्रज्जवलन होगा।
- 7.15 से 7.45 तक लेजर शो के जरिए रामकथा का प्रदर्शन किया जाएगा।
- रात्रि 8.00 बजे 9.30 बजे तक रामकथा पार्क में रामलीला का मंचन किया जाएगा।
- स्वदेश दर्शन योजना के तहत 133.30 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
Published on:
18 Oct 2017 01:36 pm
