अयोध्या

राम मंदिर ट्रस्ट के नए कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका कौन हैं? अशोक सिंघल से कनेक्शन और मंदिर से पुराना नाता

Mahesh Bhagchandka Ram Mandir Trust: महेश भागचंदका कौन हैं? दिल्ली के रहने वाले महेश भागचंदका को राम मंदिर ट्रस्ट का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। अशोक सिंघल से रिश्ते, राम मंदिर से जुड़ाव और उनके सामाजिक-संगठनात्मक कामों के बारे में जानिए।
2 min read
Sep 02, 2026
Mahesh Bhagchandka Mahesh Bhagchandka Biography Mahesh Bhagchandka Ram Mandir Trust
राम मंदिर ट्रस्ट के नए कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका

Who is Mahesh Bhagchandka: अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े ट्रस्ट के स्तर पर बुधवार को कई अहम बदलाव किए गए। पहले ट्रस्ट ने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को अपना पहला पूर्णकालिक CEO नियुक्त किया और अब नए कोषाध्यक्ष के नाम का भी ऐलान कर दिया गया है। महेश भागचंदका को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वह इससे पहले इस पद पर रहे गोविंद देव गिरि की जगह लेंगे। इसी के साथ गोविंद देव गिरि को ट्रस्ट का महासचिव बनाया गया है। लेकिन महेश भागचंदका कौन हैं और राम मंदिर ट्रस्ट में उनकी एंट्री को इतना अहम क्यों माना जा रहा है? इसकी एक बड़ी वजह उनका दिवंगत VHP नेता अशोक सिंघल से जुड़ाव है।

अशोक सिंघल के करीबी पारिवारिक रिश्ते से जुड़ाव

दिल्ली के रहने वाले महेश भागचंदका को दिवंगत विश्व हिंदू परिषद नेता अशोक सिंघल का रिश्तेदार बताया जाता है। सिंघल राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे और लंबे समय तक VHP के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। महेश भागचंदका का अशोक सिंघल से जुड़ाव केवल पारिवारिक नहीं रहा है। वह Ashok Singhal Foundation के ट्रस्टी हैं। फाउंडेशन की वेबसाइट पर उन्हें VHP और RSS से जुड़े कार्यकर्ता तथा M2K Group के चेयरमैन के तौर पर भी बताया गया है।अशोक सिंघल के जीवन और विचारों पर महेश भागचंदका ने किताब भी लिखी है। 2017 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने उनकी लिखी किताब ‘Ashok Singhal: Staunch and Perseverant Exponent of Hindutva’ का विमोचन किया था।

राम मंदिर से भी रहा पुराना जुड़ाव

महेश भागचंदका राम मंदिर से जुड़े आयोजनों में पहले भी नजर आ चुके हैं। वह अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भी उनके परिवार के साथ अयोध्या पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। इसके अलावा वह World Hindu Economic Forum (WHEF) से भी जुड़े हैं। WHEF व्यापारियों, उद्योगपतियों, निवेशकों, बैंकरों और पेशेवरों को एक मंच पर लाने वाला संगठन है।

अब ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन में अहम भूमिका

कोषाध्यक्ष के तौर पर महेश भागचंदका की भूमिका राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण होगी। खासकर ऐसे समय में जब ट्रस्ट अपने कामकाज को और व्यवस्थित करने के लिए नए पदों और जिम्मेदारियों का ढांचा तैयार कर रहा है। इस बैठक में सिर्फ महेश भागचंदका की नियुक्ति नहीं हुई। अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को भी नए ट्रस्टी के तौर पर शामिल किया गया है।

मदन मोहन पांडेय राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद से जुड़े अदालती मामलों में राम मंदिर पक्ष की पैरवी से जुड़े रहे हैं। वहीं, निर्मला यादव को ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। वह VHP के निधि समर्पण अभियान से जुड़ी रही हैं। इस तरह देखा जाए तो राम मंदिर ट्रस्ट में हालिया बदलाव सिर्फ पदों की अदला-बदली नहीं हैं, बल्कि ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद के तौर पर भी देखे जा रहे हैं। एक तरफ पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को CEO की जिम्मेदारी मिली है, तो दूसरी तरफ महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष और गोविंद देव गिरि को महासचिव बनाया गया है।

Updated on:
02 Sept 2026 07:22 pm
Published on:
02 Sept 2026 07:22 pm