अयोध्या

Ram Mandir Chanda Theft: श्रद्धालुओं की भेंट स्वरूप दी गई वस्तुएं लौटाए जाने पर विचार! राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद में नया अपडेट

Ram Mandir Chanda Theft Row Ayodhya:राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच अब कई श्रद्धालुओं ने भेंट की रसीद और चढ़ाई गई वस्तुओं को लेकर शिकायतें की हैं। सूत्रों के अनुसार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट शिकायतों के समाधान के लिए भेंट सामग्री लौटाने समेत कई विकल्पों पर विचार कर रहा है।
3 min read
Jul 14, 2026
ram mandir chanda theft row ayodhya consideration on returning items donated by devotees
राम मंदिर (फोटो- पत्रिका)

Ram Mandir Chanda Theft Row: अयोध्याके श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद अब श्रद्धालुओं की शिकायतों ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की चिंताएं बढ़ा दी हैं। सूत्रों के मुताबिक कई दानदाताओं ने आरोप लगाया है कि उन्होंने भगवान रामलला को जो भेंट अर्पित की थी, उसकी उन्हें रसीद नहीं मिली। इसके अलावा कई श्रद्धालुओं ने यह भी शिकायत की है कि उनकी ओर से भेंट की गई वस्तुएं ना तो मंदिर परिसर में प्रदर्शित की गईं और ना ही उनके सुरक्षित रखे जाने की कोई स्पष्ट जानकारी दी गई।

इन शिकायतों के बाद ट्रस्ट अब चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर नए विकल्पों पर विचार कर रहा है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है।

श्रद्धालुओं की भेंट लौटाने के विकल्प पर मंथन

सूत्रों के अनुसार ट्रस्ट उन श्रद्धालुओं की ओर से दी गई भेंट सामग्री वापस करने के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रहा है, जिनकी ओर से शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। ट्रस्ट का मानना है कि रामलला के गर्भगृह में सभी श्रद्धालुओं की ओर से प्राप्त भेंट सामग्री को स्थायी रूप से रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है।

ऐसे में श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए और चढ़ावे के बेहतर प्रबंधन के लिए अलग-अलग विकल्पों पर चर्चा की जा रही है। हालांकि ट्रस्ट ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

चोरी के आठों आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ी

इधर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए और बढ़ा दी गई है। सोमवार को एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज एवं एंटी करप्शन स्पेशल कोर्ट के नियमित न्यायाधीश रजत वर्मा के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई प्रभारी एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज प्रतिभा नारायण की अदालत में हुई।

कोर्ट ने सभी आरोपियों की न्यायिक रिमांड 14 दिन और बढ़ा दी। अब इस मामले में अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी। सभी आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराई गई।

चोरी विवाद के बावजूद नहीं घटी श्रद्धालुओं की आस्था

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला चर्चा में रहने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था पर इसका कोई असर देखने को नहीं मिला है। पुलिस कंट्रोल रूम के आंकड़ों के अनुसार 21 जून से 3 जुलाई 2026 के बीच अधिकांश दिनों में वर्ष 2025 की तुलना में अधिक श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे।

21 जून 2026 को 94,419 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि 2025 में इसी दिन यह संख्या 81,303 थी। 28 जून को सबसे ज्यादा 1,02,672 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इसके अलावा 26 जून को 97,603, 27 जून को 97,134 और 30 जून को 96,112 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

छुट्टियों में 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे

हालांकि कुछ दिनों में पिछले साल की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या थोड़ी कम भी रही। 22 जून 2026 को 75,845 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि 2025 में इसी दिन 88,756 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। वहीं 29 जून 2026 को 84,102 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि पिछले साल यह संख्या 84,443 रही थी।

3 जुलाई 2026 को भी 87,652 श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए, जबकि 2025 में इसी दिन 83,863 श्रद्धालु पहुंचे थे। आंकड़े बताते हैं कि विशेष अवसरों और छुट्टियों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या लगातार 1 लाख के पार पहुंच रही है।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन सतर्क

पुलिस कंट्रोल रूम के आंकड़ों के अनुसार श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम कर रहा है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े।

Updated on:
14 Jul 2026 01:59 pm
Published on:
14 Jul 2026 01:59 pm