
Samajwadi Party Foundation Day: समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस के खास मौके पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने चुनाव आयोग पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। सपा सांसद ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल उठाते हुए उसे बेईमान करार दिया। इसके साथ ही अवधेश प्रसाद ने बड़ा ऐलान किया है कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में चुनाव आयोग के खिलाफ विशाल पदयात्रा निकालेगी।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि, "किसी भी देश में लोकतंत्र की मजबूती और जड़ें कितनी गहरी हैं, यह इस बात से तय होता है कि वहां का चुनाव आयोग कितना स्वतंत्र और निष्पक्ष है। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि दुर्भाग्य से हमारा वर्तमान चुनाव आयोग न तो निष्पक्ष है, न स्वतंत्र है और न ही ईमानदार है।" अवधेश प्रसाद ने कहा कि हमारी पार्टी के नेताओं ने पहले भी इस पर कई बार सवाल उठाए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि उत्तर प्रदेश में हुए चुनावों के दौरान भी वोटिंग में धांधली और बेईमानी के आरोप लगे थे।
अवधेश प्रसाद ने पार्टी की आगामी रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठने वाली है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब डॉ भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए वोटिंग के अधिकार की रक्षा करने, लोकतंत्र को मजबूत रखने और संविधान की हिफाजत के लिए समाजवादी पार्टी प्रदेश भर में सड़क पर उतरेगी। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की मनमानी के खिलाफ यूपी के हर एक जिले में सपा कार्यकर्ता पदयात्रा निकालेंगे।
सपा सांसद ने अपने बयान की शुरुआत में पार्टी के स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज का दिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, पूरे समाजवादी परिवार के साथ-साथ समूचे प्रदेश और देश के लिए बेहद खास और आनंद का दिन है। इसी दिन आदरणीय नेताजी मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। अवधेश प्रसाद ने इस ऐतिहासिक अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं, समर्थकों और विशेष रूप से पार्टी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।