अयोध्या

‘आस्था पर डकैती डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’, राम मंदिर दान चोरी मामले में सपा सांसद अवधेश प्रसाद गरजे

Awadhesh Prasad Ram Mandir Statement: सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर दान चोरी मामले में BJP-RSS पर निशाना साधा। उन्होंने इसे करोड़ों राम भक्तों की आस्था पर डकैती करार दिया। पूरी खबर पढ़ें।
2 min read
Aug 02, 2026
avadhesh prasad
अयोध्या से समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद अवधेश प्रसाद।

Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर में चढ़ावे और दान में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने इस मामले को देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए इसे एक अलग किस्म की डकैती करार दिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि भगवान श्री राम में देश के अनगिनत लोगों की अटूट आस्था है। दान और चढ़ावे में हेराफेरी सिर्फ वित्तीय गड़बड़ी नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं पर डाका डालना है।

अखिलेश यादव ने उजागर किया मामला

अवधेश प्रसाद ने कहा कि इस पूरे मामले को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रमुखता से उजागर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चाहे जितने भी प्रयास कर ले, इसमें शामिल दोषियों को बचाया नहीं जा सकेगा।

BJP और RSS पर सीधा आरोप

सपा सांसद ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, "अधर्म का काम हुआ है और इसे अंजाम देने वाले कौन लोग हैं? ये बीजेपी और आरएसएस के लोग हैं। सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, ये लोग बच नहीं पाएंगे।"

'सड़क से संसद तक लड़ाई जारी रहेगी'

अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सदन के अंदर और बाहर मजबूती से लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि देश का बड़ा वर्ग सपा के इस कदम से बेहद संतुष्ट और खुश है, क्योंकि यह मामला जन-भावनाओं और निष्पक्षता से जुड़ा हुआ है।

संसद में हंगामा

शुक्रवार को संसद में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने भारी हंगामा किया था। इस दौरान बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर संसद परिसर में धरने पर बैठ गए थे। उनके पास एक दान पेटी रखी थी, जिस पर "चंदा चोर, गद्दी छोड़" लिखा हुआ था। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा सांसद अवधेश प्रसाद भी साथ खड़े नजर आए थे।

संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन को लेकर अब कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सनातन धर्म का अपमान करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के आरोप में राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ मुकदमा (FIR) दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नेताओं ने संसद परिसर में प्रदर्शन के नाम पर 'नाटक' करके सनातन परंपराओं और राम भक्तों की आस्था का मजाक उड़ाया है।

Updated on:
02 Aug 2026 11:53 am
Published on:
02 Aug 2026 11:25 am