
Criminals Arrested in an Encounter in Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने लूट के मामले में फरार दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाश लोगों को नौकरी का झांसा देकर उनसे गहने और पैसों की लूट किया करते थे। आरोपियों के खिलाफ आजमगढ़, वाराणसी और चंदौली में चोरी धोखाधड़ी सहित कई गंभीर मामले में मुकदमा दर्ज हैं। लंबे समय से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी, जिसके बाद मंगलवार की सुबह उन्हें गिरफ्तार करने में आजमगढ़ पुलिस को सफलता मिली है।
जानकारी के मुताबिक, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवगांव थाने की पुलिस ने लूट और चोरी की घटना में वांछित दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान मंगलवार की सुबह गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपियों की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, बीते दिनों अमित प्रताप सिंह नामक एक युवक ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि कुछ दिन पूर्व लालगंज तहसील के सामने उनकी मां को बेटी के नौकरी का झांसा देकर आरोपी केराकत तहसील ले गए थे। वहीं उसने धोखे से उनकी मां के आभूषण छीन लिए और मौके से फरार हो गए। इसी मामले में आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही थी।
देवगांव थाने की पुलिस मंगलवार को इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान शातिर बदमाशों के बाइक से आने की सूचना मिली। सूचना के बाद स्थानीय पुलिस और क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पांडे ने घेराबंदी की और बाइक को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने दावा किया है कि आत्मरक्षा में चलाई गई गोली एक आरोपी के पैर में लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। घायल बदमाश की पहचान चंदौली जिले के शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज के रूप में हुई है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि समीम के साथ उसके एक अन्य साथी दिनेश वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि दिनेश वर्मा गाजीपुर जनपद के रहने वाला है और उसके खिलाफ 5 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के पास से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है। इसके साथ ही लूट किए गए आभूषण भी आरोपियों के पास से पुलिस ने बरामद किया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके अन्य साथी से मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।