
Pc-Patrika
Encounter in Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में एक लुटेरे के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके दूसरे साथी को पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया। पुलिस ने बताया है कि दोनों आरोपी गोरखपुर जिले के रहने वाले हैं और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में लूट और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। वहीं, मुखबिर की सूचना के बाद देर रात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली की रिंग रोड पर लूट की विभिन्न घटनाओं में शामिल दो आरोपी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में जा रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने रिंग रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस की जीप देखकर बाइक सवार बदमाश भागने लगे। वहीं, ओवर ब्रिज के पास पहुंचने पर दोनों साइड से खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया।
एडीसीपी वरुणा लिपि नगायच ने बताया है कि एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि दोनों बदमाश गोरखपुर जिले के रहने वाले हैं और वाराणसी में चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। वहीं, उनके खिलाफ मऊ, गाजीपुर और पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद बिहार भाग जाया करते थे।
उन्होंने बताया कि दोनों बदमाशों की पहचान प्रदुमन्न मल्ल और वेद प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बदमाशों के पास से .315 बोर का दो तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और लूट किए गए 75 हजार रुपए भी बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही आरोपियों के पास से गली हुई पीली धातु भी पुलिस ने बरामद की है। एडीसीपी ने बताया कि इस घटना में आरोपियों की बाइक को जब्त करके मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि बीते 17 जुलाई को लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता की मां की चेन लूटी गई थी, उसमें आरोपी वांछित चल रहे थे।
Updated on:
17 Aug 2026 09:14 am
Published on:
17 Aug 2026 09:14 am
