
Murder Over Land Dispute Azamgarh: आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र के चकिया बखरिया गांव में शुक्रवार सुबह नाली और जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने 30 साल के हरिओम पांडेय का गला दबा दिया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पवई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए विवाद की वजह और युवक की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
चकिया बखरिया गांव निवासी हरिओम पांडेय (30) पुत्र वीरेंद्र पांडेय का पड़ोसी रामलाल शर्मा से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।बताया गया कि शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान हरिओम पांडेय का गला दबा दिया गया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और वह गंभीर हो गए। आनन-फानन में परिजन हरिओम को लेकर CHC पवई पहुंचे। वहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
हरिओम के परिवार में गुरुवार को ही बेटे के जन्म की खुशी आई थी। परिजनों के मुताबिक, उनकी पत्नी रंजना ने वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए बेटे को जन्म दिया था। परिवार अभी नवजात के आने की खुशी में था, बताया जा रहा है कि घर में पार्टी की तैयारी चल रही थी लेकिन महज एक दिन बाद ही हरिओम की मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। जिस घर में बच्चे के जन्म की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया।
परिजनों के मुताबिक, हरिओम के दो पुत्र हैं। एक दिन पहले ही परिवार में नए सदस्य के आने की खुशी थी। इसके बाद हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के दौरान हुई घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।