आजमगढ़

Azamgarh News: प्रेमी से शादी की ज़िद पर युवती का हाईवोल्टेज ड्रामा, चढ़ी हाई वोल्टेज टावर पर

Mar 10, 2026
Feature image

Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। प्रेम प्रसंग के चलते एक किशोरी हाईवोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।


जानकारी के अनुसार बैरकडीह गांव के उत्तरी सीवान में स्थित एक हाईवोल्टेज विद्युत खंभे पर मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नटौली गांव की अनुसूचित बस्ती की एक किशोरी अचानक चढ़ गई। खेतों में काम कर रहे लोगों ने जब उसे खंभे पर देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए।


ग्रामीणों ने काफी देर तक किशोरी को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ी रही। हाईवोल्टेज खंभे पर चढ़े होने के कारण लोगों को किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका सताने लगी, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।

पुलिस के आश्वासन के बाद प्रेमिका उतरी


घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने भी काफी देर तक किशोरी को समझाने की कोशिश की। बाद में पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसके प्रेम संबंध के मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस के आश्वासन के बाद किशोरी खंभे से नीचे उतर आई। बताया जा रहा है कि किशोरी का प्रेमी जौनपुर जनपद का निवासी है। इसके चलते जौनपुर पुलिस उसे शाहगंज कोतवाली ले गई, जहां उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह घटना दिनभर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

Updated on:
10 Mar 2026 10:29 pm
Published on:
10 Mar 2026 10:29 pm