
Azamgarh Murder News: आजमगढ़ जनपद के बरदह कस्बा निवासी एक युवक की मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव को बोरे में भरकर समुद्र किनारे फेंकने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरदह कस्बा निवासी 35 वर्षीय अशोक गौड़ अपनी पत्नी प्रीति और तीन बच्चों के साथ मुंबई के मलाड थाना क्षेत्र अंतर्गत मालवणी इलाके में रहकर मजदूरी करता था। बताया गया कि वह 29 जनवरी से अचानक लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चल सका तो 3 फरवरी को मलाड थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।
मंगलवार को समुद्र तट के पास एक बोरे में बंद तीन टुकड़ों में कटा हुआ शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जब शव की शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान अशोक गौड़ के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मृतक का भाई अमित गौड़ विमान से मुंबई पहुंचा। वहीं, गांव में घटना की खबर फैलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मुंबई पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आशनाई समेत विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। गुमशुदगी की रिपोर्ट देर से दर्ज कराए जाने को लेकर संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी प्रीति और पड़ोसी वाहिद अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वाहिद अली भी बरदह कस्बे का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।