
आजमगढ़. पूर्व मंत्री बलराम यादव को पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपनी टीम में शामिल क्या किया पार्टी में गुटबाजी और बढ़ गई है। नगर पालिका चुनाव में एक बार फिर बलराम गुट और दुर्गा गुट आमने-सामने नजर आ रहा है। सूत्रों की माने तो एक बार फिर दुर्गा प्रसाद यादव अपने करीबी को टिकट दिलाने में सफल हो गये हैं। इसकी घोषणा 21 अक्टूबर को हो सकती है। वैसे अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन चुनाव से पहले एक बार फिर सपा की घमासान चर्चा में है।
समाजवादी पार्टी की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। इसी का नतीजा है कि क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष की दो सीटे पार्टी से छिन चुकी है और जिला पंचायत अध्यक्ष सीट भाजपा के पूर्व सांसद रमाकांत यादव की मदद से बड़ी मुश्किल से बची है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पार्टी को नए सिरे से खड़ी करना चाहते हैं और यहीं वजह है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उन्होंने उन लोगों को भी शामिल किया जिससे उनका छत्तीस का आंकड़ा रहा है। इसके प्रत्यक्ष उदाहरण पूर्व मंत्री बलराम यादव हैं, जिन्हे शिवपाल और मुलायम का करीबी माना जाता था। अब वे पार्टी के महासचिव हैं। लेकिन आजमगढ़ में गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को पर्यवेक्षक ने दौरा किया तो चर्चा उठी की नगरपालिका आजमगढ़ के लिए तीन दावेदारों का नाम भेजा जाएगा।
सूत्रों की माने तो जिला इकाई ने बलराम यादव के करीबी अमित यादव को पहले ही दरकिनार कर दिया और फैसला हुआ कि एसके सत्येन, परवेज और घुट्टुर सेठ का नाम भेजा जा रहा है। अब यह फैसला लिया गया है कि सिर्फ एक नाम जायेगा और वह होगा पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के करीबी घुट्टुर सेठ का। यानि एक बार फिर बलराम यादव पर दुर्गा भारी पड़ते दिख रहे है। अहम बात है कि सपा नेतृत्व नगर निकाय चुनाव को लोकसभा का सेमीफाइनल मानकर सिंबल पर लड़ने जा रही है और आजमगढ के नेता सिर्फ अपनों को कुर्सी दिलाने के लिए पार्टी हित को नजरअंदाज कर शह मात का खेल खेल रहे हैं। सपा के इस खेल की जिले में जोरदार चर्चा है।
by Ran Vijay Singh