युवक अपने गांव में ही एक निजी विद्यालय का संचालन करता था
आजमगढ़. सरायमीर थाना क्षेत्र के फरीदूनपुर मार्ग पर स्थित मानव रहित रेलवे क्रासिंग के पास बाइक खड़ी कर युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आत्महत्या के पीछे के कारण का अभी तक पता नहीं चला। युवक अपने गांव में ही एक निजी विद्यालय का संचालन करता था।
उक्त गांव के कुछ लोग शनिवार की सुबह 8 बजे रेलवे पटरी की तरफ दैनिक क्रिया से निवृत्त होने गए तो पटरी के पास युवक की लाश देखकर सन्न रह गए। जब इसकी जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो सैकड़ों की संख्या में लोग वहां पहुंच गए। मृतक की पहचान निजामाबाद थाना क्षेत्र के तोवा गांव निवासी अविनाश यादव उर्फ संदीप 32 के रूप में हुई।
मृतक की बाइक घटनास्थल से 200 मीटर की दूरी पर खड़ी पाई गई। लोगों ने आशंका व्यक्त किया कि संभवत संदीप भोर में यहां आया होगा और बाइक खड़ी कर मालगाड़ी के आगे कूद गया होगा। कारण कि फरीदूनपुर गांव में ही संदीप का ननिहाल था और रात भर वह वहीं पर मौजूद था। संदीप के मामा राजेन्द्र यादव द्वारा शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संदीप की एक दो वर्षीय पुत्री अन्नया है। मौत की खबर के बाद पत्नी पार्वती का रो रोकर बुरा हाल है। संदीप तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। उसने अपने गांव तोवा में न्यू जीनियस हाईस्कूल के नाम से विद्यालय का संचालन करता था। जिसकी देख रेख उसका छोटा भाई अमित करता है। संदीप लखनऊ में रहता था। एक सप्ताह पहले घर आया था। ग्रामिणों के अनुसार शनिवार भोर में लगभग पांच बजे आजमगढ़ की तरफ से मालगाड़ी गयी है उसी समय यह घटना हो सकती है।
Input - रणविजय सिंह