आजमगढ़ में सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक रैली का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। राजभर के समर्थन में 200 ब्राह्मण मंच पर मौजूद थे...
आजमगढ़: अहिरौला इलाके के जनता इंटर कॉलेज परिसर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने महारैली का आयोजन किया। इस रैली में मंच पर करीब 200 ब्राह्मण की उपस्थिति रही। रैली के बाद ओमप्रकाश राजभर ने इसे 2027 का चुनावी शंखनाद बताया है।
दरअसल, आजमगढ़ के बहाने पूर्वांचल में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर शक्ति प्रदर्शन करना चाह रहे हैं। इसी को लेकर जनता इंटर कॉलेज के परिसर में उन्होंने सामाजिक समरसता महारैली का आयोजन किया। इस रैली में उमड़ी भीड़ को देखने के बाद ओमप्रकाश राजभर गदगद नजर आए।
रैली का उद्घाटन करीब 200 ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद कर कराया गया। इस दौरान ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए बेहतर प्रदर्शन करेगी। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि ब्राह्मण समाज के लोग यहां मौजूद हैं और अपने साथ अन्य लोगों को लेकर भी आए हैं और यह इस बात का प्रमाण है कि वह हमारे साथ हैं।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ से एनडीए की यह 2027 चुनाव के लिए शंखनाद है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ की जनता समाजवादी पार्टी को हराने के लिए यहां से कमर कर चुकी है। इस बार पूर्वांचल की सभी 10 सीट एनडीए के खाते में आएगी। एनडीए 2022 से बेहतर प्रदर्शन 2027 के विधानसभा चुनाव में करेगी और रैली में जिस तरह का लोगों का समर्थन मिल रहा है यह इस बात का यह प्रमाण है।
ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीति में जिस तरह से लोगों को बरगलाकर समाज की मुख्य धारा से भटकाया गया था उन्हें हम समझ कर मुख्य धारा से जोड़ रहे हैं। ओमप्रकाश राजभर ने युवाओं से आवाहन किया है कि वे खुद के अधिकार के लिए लड़े और समाजवादी पार्टी की गुलामी ना करें। उन्होंने कहा कि एक समय था जब समाजवादी पार्टी के लोग लोगों को डरा कर रखते थे, लेकिन आज किसी की हिम्मत नहीं है कि कोई किसी को डरा सके।