आजमगढ़

Azamgarh Triple Murder Case: आजमगढ़ में तिहरे हत्याकांड पर गरमाई सियासत, सपा ने योगी सरकार पर उठाए सवाल

Azamgarh Triple Murder Case: आजमगढ़ तिहरे हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। जानिए क्या है पूरा मामला...
2 min read
Sep 23, 2026
Azamgarh Triple Murder Case, UP police, SP, Yogi Govt.
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा (PC: IANS)

SP Reaction on Azamgarh Triple Murder Case:उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड को लेकर अब राजनीति भी गरमाती जा रही है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। सिलसिलेवार जानिए क्या है पूरा मामला।

उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा, "आप लगातार देख सकते हैं कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। आज़मगढ़, गाजीपुर या गाजियाबाद को ही देख लीजिए। महिलाओं को परेशान किया जा रहा है, हत्याएं हो रही हैं और तिहरे हत्याकांड की घटनाएं भी हुई हैं। फिर भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है और यह दावा कर रही है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था नियंत्रण में है। जमीन पर हालात बद से बदतर हो चुकी है। अब इस सरकार की विदाई का समय आ गया है। "

क्या है पूरा मामला

आजमगढ़ के शंभूपुर गांव में एक व्यक्ति ने घर में चल रहे महामृत्युंजय मंत्र के जाप के दौरान दो पुजारियों और अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी ने अपने 3 बच्चों के साथ खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। पुलिस के बार-बार समझाने के बावजूद जब वह बाहर नहीं निकला। आरोपी ने पुलिस और अपने परिवार को गोली मारने और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच उसने अपने 7 साल के बेटे को भी गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिस तुरंत कमरे में दाखिल हुई, जहां आरोपी ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। चेतावनी और हवा में चलाई गई चेतावनी भरी गोलियों के बावजूद, आरोपी ने अंधाधुंध फायरिंग जारी रखी।परिणामस्वरूप, पुलिस ने आत्मरक्षा में और बच्चों की सुरक्षा के लिए फायरिंग की, जिससे आरोपी घायल हो गया।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए आरोपी की मां ने बताया कि 8 साल पहले उनके एक अन्य बेटे की हत्या हो गई थी और पूरे परिवार को उसका भूत परेशान कर रहा था। इसी से मुक्ति पाने के लिए घर में पूजा पाठ का कार्यक्रम रखा गया था। घर में जब पूजा चल रही थी तो आरोपी अरविंद इस बात से बेहद नाराज हो गया। बताया जा रहा है कि अरविंद अंधविश्वास को नहीं मानता था और पत्नी द्वारा पूजा कराए जाने से वह परेशान था। मंगलवार की शाम वह घर पहुंचा और उसने पुजारियों से आधार कार्ड दिखाने की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उसने पिस्तौल निकालकर दोनों पुजारियों तथा बीच-बचाव करने आई अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी।

ATS के साथ हुई मुठभेड़ में हत्यारोपी की मौत

देर रात करीब 12:55 मिनट पर ATS और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में हत्यारोपी अरविंद सिंह को कई गोलियां लग गईं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत अपनी हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।