
आजमगढ़. बिलरियागंज थाना क्षेत्र के शांतिपुर (पत्थरपुरवा) गांव में शनिवार की रात सास-बहू के बीच हो रहे विवाद के दौरान कलयुगी बेटे ने 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता को लाठियों से पीटकर मार डाला। हालांकि इस दौरान हमलावर पुत्र भी घायल हुआ है। पिता की मौत के बाद आरोपी युवक अपनी पत्नी के साथ मौके से फरार हो गया। इस मामले में मृतक की पत्नी ने बहू और बेटे के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शांतिपुर गांव के पत्थरपुरवा निवासी 70 वर्षीय जगपत राम की पत्नी सुशीला देवी (65) और उसकी बहू सरिता (42) पत्नी रामजतन के बीच शनिवार की देर शाम किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। सास और बहू आपस में विवाद कर रही थी तभी वहां सरिता का पति रामजतन पहुंचा और अपनी पत्नी के पक्ष में मां को पीटना शुरू कर दिया। बुजुर्ग महिला के चीखने-चिल्लाने पर घर के बाहर मौजूद उसका पति जब मौके पर पहुंचे और विवाद कर रहे बहू-बेटे को पत्नी से अलग करने का प्रयास किया तो मारपीट पर आमादा बहू और बेटे बुजुर्ग जगपत पर टूट पड़े।
इसी दौरान रामजतन ने अपने बुजुर्ग पिता को लाठी से हमला कर दिया। घातक चोट लगने के कारण जगपत की मौके पर ही मौत हो गई। मारपीट की इस घटना में रामजतन को भी चोटें आई। घटना की सूचना किसी ने स्थानीय थाने को दी। मौत की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से आरोपी रामजतन व उसकी पत्नी सरिता दोनों फरार हैं। इस मामले में मृतक की पत्नी सुशीला ने अपने पुत्र और पुत्रवधू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
By- रणविजय सिंह