बागपत

VIDEO: पुलिस के रवैये से नाराज हो कर बीजेपी नेता ने आंदोलन की दी चेतावनी

छपरौली पुलिस के खिलाफ डीएम एसपी का घेराव
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2018, 10:54 AM IST
baghpat
VIDEO: पुलिस के रवैये से नाराज हो कर बीजेपी नेता ने आंदोलन की दी चेतावनी

बागपत। पुलिस के रवैये से नाराज हो कर बागपत में पूर्व जिलाअध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और लोगों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। घेराव कर रहे लोगों ने पुलिस पर असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने व पीड़ितों को न्याय देने के बजाय उनका ही उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने डीएम व एसपी का घेराव कर चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

छपरौली निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर ने पार्टी के नेताओं व कस्बे के लोगों के साथ कलक्ट्रेट में पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले दो दर्जन के करीब असामाजिक तत्वों ने उनके परिवार व मोहल्ले के अन्य घरों में पहुंचकर उत्पात मचाया और तोड़फोड़ की। जब लोगों ने विरोध किया तो तत्वों ने धारदार हथियारों से घर में मैजूद कई लोगों के साथ मारपीट की गई जिसमें वे घायल हो गए।

इतना ही नहीं असामाजिक तत्वों ने रास्ते में आने वाले राहगीरों के साथ भी जमकर मारपीट की थी। जब इलाके के लोगों ने विरोध किया तो उनपर हथियार तान दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। यह सभी हमलावर छपरौली थाने के सामने से होकर गुजरे, लेकिन पुलिस ने उनको पकड़ना भी उचित नहीं समझा।

विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि छपरौली पुलिस को सूचना देने के कई घंटों बाद घटना स्थल पर पहुंची और तब तक हमलावर फरार हो गए।

बीजेपी नेता संजय खोखर ने बताया कि लगता है कि छपरौली पुलिस हमलावरों को संरक्षण दे रही है। पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट दर्ज तक नहीं की और उल्टा ही पीड़ितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका उत्पीड़न शुरू कर दिया। उन्होंने डीएम व एसपी का घेराव कर चेतावनी दी कि यदि उनका उत्पीड़न किया गया तो वह शांत नहीं बैठेंगे और सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। जिसका परिणाम प्रशासन को भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर उन्होंने रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाकर न्याय दिलाने की मांग की। वहीं डीएम ऋषिरेन्द्र कुमार व एसपी शैलेष पांडेय ने कहा कि मामले की जांच करायी जाएगी और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। किसी को परेशान नहीं किया जाएगा।

Published on: