बागपत

गाय ने दो मुंह-तीन आंख वाले बछड़े को दिया जन्म, देखने को उमड़ रही हजारों की भीड़

बागपत के टिकरी कस्बे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गाय ने ऐसा विचित्र बछड़ा जन्मा है, जिसके दो मुंह और तीन आंखें हैं। अब बछड़े को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो रही है।
less than 1 minute read
Jun 19, 2025
bagpat news
बागपत में गाय ने दो मुंह-तीन आंख वाले बछड़े को जन्म दिया है, PC: 'X'

यह मामला टिकरी कस्बे की दाबड़ा पट्टी का है जहां रहने वाले पशुपालक जाहिद सालों से गाय पालते आ रहे हैं। गुरुवार की सुबह उनकी एक गाय ने एक असामान्य बछड़े को जन्म दिया। इस बछड़े के दोनों मुंह आपस में जुड़े हुए हैं और उसकी तीन आंखें हैं। बछड़े को देखने के लिए बड़ी संख्या में गांव के लोग उनके घर पहुंचने लगे हैं। कई लोग इसे चमत्कारी घटना मानकर पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं।

जाहिद का कहना है कि यह घटना उनके लिए हैरानी से भरी जरूर है, लेकिन वह इसे ईश्वर की लीला या प्रकृति की शक्ति मानते हैं। उन्होंने बताया कि गाय और उसका बछड़ा दोनों अभी पूरी तरह स्वस्थ हैं। हालांकि, उन्होंने पशु चिकित्सक को बुलवा लिया है ताकि बछड़े की हालत पर लगातार नजर रखी जा सके।

क्या होता है बाइसेफली

मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने बताया कि इस प्रकार की शारीरिक संरचना भ्रूण विकास के समय अतिरिक्त कोशिकाओं के कारण होती है। इसे चिकित्सकीय भाषा में बाइसेफली कहा जाता है जब एक ही शरीर में दो सिर या अतिरिक्त अंग विकसित हो जाते हैं। ऐसी स्थितियों में जीव सामान्य जीवन नहीं जी पाते और ज्यादा समय तक जीवित रहने की संभावना बहुत कम होती है।

लोग मान रहे हैं चमत्कार

स्थानीय लोगों में इस बछड़े को लेकर उत्सुकता बनी है। ग्रामीण इसे देवी-देवताओं का चमत्कार मानकर पूजा कर रहे हैं। वे बछड़े के सामने दीप जलाकर हाथ जोड़ रहे हैं और दान-दक्षिणा भी चढ़ा रहे हैं।

Published on:
19 Jun 2025 02:53 pm