बागपत

दोस्तों संग पराठे खाने गया था युवक, साढ़े आठ लाख रुपये चुकानी पड़ी कीमत

Highlights: -बागपत स्थित इस्टर्न पेरिफेरल पर एक के बाद एक टकराए कई वाहन -पुलिस ने वाहनों को हटाकर रास्ता खुलवाया
less than 1 minute read
• •
Updated: 3 Jan 2021, 11:02 AM IST
_650x_2018122812152153.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

बागपत। नए साल का जश्न मनाने निकले दोस्तों को पराठे साढ़े आठ लाख रुपये के पड़ गए। पढ़कर आप भी हैरान हो गए होंगे, लेकिन यह सच है। दरअसल, ग्रेटर नोएडा निवासी रितेश रावल अपने कुछ दोस्त के साथ नए साल पर गुरुवार की रात्रि पराठे खाने हरियाणा के मुरथल गया हुआ था। यहां से वापस लौटते समय जब वह ईस्टर्न पेरिफेरल से लौट रहे थे तो रात करीब ढाई बजे उनकी कार कोहरे में आगे चल रहे ट्रक से जा टकरा गई।

इस दौरान सभी जब नीचे उतरकर कार देखने लगे तो कुछ ही सैकेंड में पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कार डिवाइडर की रेलिंग से टकराकर हवा में उड़ी और जमीन पर आ गिरी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं लगी। बस फिर क्या था, इसके बाद एक के बाद एक कई वाहन पीछे से टकराते चले गए।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह जब रितेश अपने परिजनों से फोन पर बात कर रहा था तो वह कह रहा था कि अगर तुम्हारी बात मान ली होती तो शायद यह हादसा नहीं होता और नए साल के पराठे उन्हें साढ़े आठ लाख रुपये के नहीं पड़ते। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी वाहनों को रास्ते से हटवाकर जाम खुलवाया।

Published on: