
CM Yogi Adityanath Bahraich Visit: बहराइच पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 352 करोड़ रुपये से अधिक की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सपा की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में 'बबुआ और चच्चू' की सरकार चलती थी। उन्होंने कहा कि उस समय बबुआ दोपहर में उठते थे। चच्चू से पूछकर काम करते थे। शाम होते-होते महफिल सज जाती थी। जहां योजनाओं का बंटाधार हो जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश की कार्यसंस्कृति और विकास की दिशा बदली है।
बहराइच के तेजवापुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बहराइच को पिछड़े जिलों में गिना जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय जिले में भू-माफिया और अवैध खनन करने वाले सक्रिय थे, जिससे आम लोगों को परेशानी होती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने जिले के विकास के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने महाराजा सुहेलदेव को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। अब उनकी सरकार ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर स्मारक और मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की हैं। साथ ही बालार्क ऋषि के नाम पर अस्पताल भी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बाराबंकी से बहराइच तक फोर लेन सड़क परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। जिससे क्षेत्र में आवागमन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि कृषि और शिक्षा के क्षेत्र में भी बहराइच ने उल्लेखनीय प्रगति की है। कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को 12वीं तक अपग्रेड किया गया है। जरूरतमंद परिवारों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय किसानों, व्यापारियों और महिलाओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। त्योहारों के दौरान शांति का माहौल देखने को मिलता है।
मुख्यमंत्री ने वन्यजीवों के बढ़ते हमलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मगरमच्छ और तेंदुए से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त की जाए। लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बहराइच का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बहुत बड़ा है। यह महाराजा सुहेलदेव और बालार्क ऋषि की भूमि है। आने वाले समय में जिले के विकास को और गति दी जाएगी।