
Bahraich Murder Case Update: बहराइच के देहात इलाके में दो दिन पहले रास्ते के विवाद में एक ग्रामीण की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अब बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लाठी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक नंद कुमार पुत्र राम मनोरथ के साथ मारपीट की घटना को लेकर कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि रास्ते के विवाद को लेकर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इस दौरान गंभीर चोट लगने से नंद कुमार की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई थीं। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के बारे में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने काजी हाउस पुरवा मोड़ के पास पहुंचकर मुख्य आरोपी विश्राम पुत्र मिलन, उम्र 45 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में विश्राम ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई लाठी उसके घर पर रखी है। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से लाठी बरामद कर ली। विश्राम से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम ने रसूलपुर मोड़ पुलिया के पास से मंजीत पुत्र विश्राम, उम्र 22 वर्ष, राम कुमार पुत्र लौटेन, उम्र 40 वर्ष और भरई पुत्र चिंता, उम्र 58 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में एक बाल अपचारी को भी नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को गुरुवार शाम न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, नीरज कुमार सिंह, मुकेश पाण्डेय और हेड कांस्टेबल सोनू कुमार शामिल रहे।