बहराइच

Bahraich News: भारत-नेपाल बॉर्डर पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, नेपाल ले जा रहे भारी मात्रा में सामान के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Bahraich News: बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ है। जिसे नेपाल ले जाया जा रहा था।
2 min read
May 10, 2026
सामान के साथ पकड़े गए आरोपी SSB टीम फोटो सोर्स SSB x अकाउंट
सामान के साथ पकड़े गए आरोपी SSB टीम फोटो सोर्स SSB x अकाउंट

बहराइच जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एसएसबी ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नेपाली नागरिकों को पकड़ लिया। दोनों आरोपी साइकिलों पर भारी मात्रा में सामान लादकर नेपाल ले जाने की कोशिश कर रहे थे। एसएसबी जवानों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी में छाते, स्टील के बर्तन, मटर की बोरियां, कूलर फैन और अन्य सामान बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया है।

बहराइच जिले के मिहींपुरवा ब्लॉक स्थित भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी की 59वीं वाहिनी नानपारा की टीम ने सीमा पार सामान ले जा रहे दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया गया। जानकारी के मुताबिक एसएसबी को खुफिया शाखा से सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 680 के पास से तस्करी की खेप नेपाल भेजी जानी है।

नेपाल के रहने वाले दोनों तस्कर

सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप निरीक्षक चमन सिंह के नेतृत्व में विशेष नाका टीम बनाई गई। बीओपी सालारपुर इलाके में निगरानी तेज कर दी गई। तड़के करीब 4:50 बजे जवानों ने दो संदिग्ध लोगों को साइकिलों पर भारी बैग और सामान लादकर नेपाल की तरफ जाते देखा। जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन दोनों मौके से भागने लगे। इसके बाद एसएसबी टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान नेपाल के बर्दिया जिले के अशापुर गांव के रहने वाले पवन कुमार लोध और अश्वनी कुर्मी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से 474 छाते, स्टील के कई बर्तन, टिफिन, चाकू, छन्नी, पलटा, स्टैंड, कूलर फैन, करीब 120 किलो मटर, टॉयलेट सीट और दो साइकिलें बरामद हुईं।

भारतीय बाजारों से खरीद कर नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचते थे

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे सालारपुर बाजार से सामान खरीदकर नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। एसएसबी ने जब्त सामान और दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय मिहींपुरवा को सौंप दिया। एसएसबी अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Updated on:
10 May 2026 01:39 pm
Published on:
10 May 2026 01:39 pm