बहराइच

बहराइच घर में सोते समय पति-पत्नी को सांप ने डसा, इलाज के दौरान हुई मौत, एक साथ उठी अर्थी तो नम हो गई हर आंखें

बहराइच में घर में सो रहे पति-पत्नी को जहरीले सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। एक साथ उठी अर्थी ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।

2 min read
Apr 27, 2026
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI

बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जहां घर में सो रहे एक युवा दंपती की सांप के काटने से मौत हो गई। रात के सन्नाटे में जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन जहर का असर इतना ज्यादा था कि दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के पडरिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। यहां एक युवा दंपती की सांप के काटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय सुनील और उनकी 25 वर्षीय पत्नी सपना रात में खाना खाने के बाद अपने घर में जमीन पर सो रहे थे। बताया जा रहा है कि देर रात एक जहरीला सांप घर के अंदर घुस आया। और सो रहे दोनों पति-पत्नी को डस लिया। अचानक दर्द और घबराहट के कारण दोनों चीखने-चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। कमरे में सांप को देखकर सभी के होश उड़ गए। परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

इलाज के दौरान दोनों की हुई मौत

परिजन बिना समय गंवाए दोनों को तुरंत इलाज के लिए शहर के मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार दोनों को सोमवार सुबह तड़के करीब तीन बजे लाया गया था। और उनकी हालत बेहद नाजुक थी। काफी प्रयास के बावजूद जहर का असर ज्यादा होने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मृतक सुनील के पिता गोरखनाथ ने बताया कि सुनील ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। रात को परिवार के सभी लोग साथ में खाना खाकर सोने चले गए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि रात इतनी भयावह साबित होगी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर किसी की आंखें नम हैं।

Updated on:
27 Apr 2026 07:01 pm
Published on:
27 Apr 2026 07:00 pm
Also Read
View All