बहराइच

बहराइच में दंपति की रहस्यमयी मौत: पहले पत्नी फंदे से झूली, फिर पति पेड़ पर लटका मिला… दो परिवारों में मचा कोहराम

बहराइच के एक गांव में पति-पत्नी की कुछ घंटों के अंतराल में संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। पहले पत्नी घर में फंदे से झूलती मिली। इसके बाद सुबह पति का शव पेड़ पर लटका मिला है। जिससे दो परिवारों में कोहराम मच गया।
2 min read
Nov 16, 2025
Bahraich-news
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI

बहराइच जिले के नानपारा कोतवाली क्षेत्र के परसा अगइया गांव में रविवार को वह दृश्य देखकर हर कोई सिहर उठा। जब कुछ घंटों के भीतर पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर फैली। पूरे गांव में मातम का माहौल है। दोनों परिवार एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात बिट्टन (28) नाम की महिला घर में ही फंदे से झूलती मिली। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिट्टन की मौत के बाद माहौल पहले से ही तनावपूर्ण था। रात में जब मायके के लोग पहुंचे। तो पप्पू, जो महिला का पति था। उससे ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। गांव वालों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच देर रात तक कहासुनी होती रही।

दो मौतों से गांव में पसरा मातम

इसी विवाद के बाद पप्पू अचानक घर से निकल गया। रात भर परिवार वाले उसकी तलाश करते रहे। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए। तो गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक आम के पेड़ की डाल पर पप्पू का शव लटका मिला। दो मौतों ने पूरे गांव को सकते में डाल दिया।

पप्पू की बहन का आरोप है कि भाभी की मौत के बाद मायके वालों ने उनके भाई को धमकाया और मारपीट भी की। उनका कहना है कि विवाद के दौरान पप्पू को जबरन अपने साथ ले जाया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया गया।

फिलहाल दोनों मौतों को पुलिस संदिग्ध मान रही है। प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों मौतें आत्महत्या थीं। या कुछ और?

Updated on:
16 Nov 2025 06:32 pm
Published on:
16 Nov 2025 04:22 pm