
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। बहराइच में बारिश के खतरे को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 19 से 23 अगस्त तक कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 20 और 21 अगस्त को पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
भारी बारिश के बीच बहराइच जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया है। प्रशासन ने बारिश और जलभराव जैसी संभावित समस्याओं को देखते हुए यह कदम उठाया है। अभिभावकों से प्रशासन के आदेश का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की सक्रियता आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है। 19 अगस्त से 23 अगस्त तक यूपी के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम का कहना है कि इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं 20 और 21 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं और जलभराव जैसी स्थिति बनने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 17 अगस्त तक उत्तर प्रदेश में कुल 398.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जबकि इस अवधि तक सामान्य बारिश का आंकड़ा 496.3 मिलीमीटर होना चाहिए था। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की कमी 27 प्रतिशत तक है, जबकि पश्चिमी यूपी में यह कमी करीब आठ प्रतिशत दर्ज की गई है।