
उत्तराखंड वेदर अपडेट। Photo Patrika
Uttarakhand Weather News: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और कई जिलों में भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने रविवार को देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। वहीं अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज बारिश का यलो अलर्ट है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क पर मलबा आने, जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 16 अगस्त को देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल में भारी बारिश हो सकती है। कई जगह गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र बारिश के दौर आने की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना बनी हुई है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। भूस्खलन और चट्टान गिरने के कारण प्रदेश में 92 से अधिक सड़कें बंद हैं। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कई जिलों में मार्ग प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, बोल्डर गिरने और सड़कों पर मलबा आने की आशंका जताई है। नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने के साथ निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। बागेश्वर के सामा में सबसे ज्यादा 132 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पोकहरी में 114 मिमी और लोहाघाट में 111 मिमी बारिश दर्ज हुई। शनिवार को बागेश्वर, चंपावत, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल और देहरादून में भी बारिश हुई।
देहरादून में आज भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़क पर मलबा आने का खतरा रहेगा। निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
लगातार बारिश के कारण टिहरी बांध का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है। देवप्रयाग में गंगा का जलस्तर भी चेतावनी स्तर से 20 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया है। ऐसे में नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
17 अगस्त को उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, पौड़ी और टिहरी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है। 18 अगस्त को मानसून सक्रिय रहेगा। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। अन्य क्षेत्रों में भी तेज से अति तेज बारिश के दौर आने की संभावना है। इससे भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क पर मलबा आने और यातायात बाधित होने का खतरा रहेगा।
Updated on:
16 Aug 2026 08:39 am
Published on:
16 Aug 2026 08:38 am
