
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (फोटो- CM Dhami 'X')
CM Pushkar Singh Dhami Big Statement: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देहरादून में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के हित और युवाओं की तरक्की के लिए सरकार ने कई जरूरी कदम उठाए हैं। युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए जल्द ही ‘युवा आयोग’ बनाया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि प्रस्तावित युवा आयोग में युवाओं से जुड़े सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा। इसमें शिक्षा और प्रशिक्षण समेत युवाओं के व्यापक विकास से जुड़े विषय शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आयोग की घोषणा शनिवार को की गई है और यह जल्द ही युवाओं के व्यापक विकास के लिए काम शुरू करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में युवाओं और रोजगार से जुड़े फैसलों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए 34,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। CM धामी ने कहा कि युवाओं से जुड़े फैसले हों या रोजगार के अवसर, सरकार की प्राथमिकता हमेशा युवा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा की है। धामी के मुताबिक, इस पहल से युवाओं पर कोचिंग का आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह गौरवपूर्ण दिवस उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर बलिदानियों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत के संकल्प की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड सरकार विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मातृशक्ति सशक्तीकरण, जनकल्याण और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ प्रभावी ढंग से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दमदार निर्णयों और असरदार कार्यों के जरिए उत्तराखंड को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
Updated on:
15 Aug 2026 05:00 pm
Published on:
15 Aug 2026 05:00 pm
