
Balaghat News :मध्य प्रदेश के बालाघाट में एक तरफ जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी कुछ ही देर में क्षेत्र के मृतक बच्चों के परिजन से मिलने पहुंच रहे हैं। इसी बीच अभी अभी खबर सामने आई है कि, राहुल गांधी के बालाघाट दौरे से पहले बैगा क्षेत्रों में फैली संक्रामक बीमारी ने 11 वर्षीय बालिका की भी मौत हो गई है। अब क्षेत्र में संक्रमण से मरने वाले मासूमों की संख्या 34 हो गई है।
उकवा क्षेत्र के सुन्दरवाही गांव की सुषमा मर्सकोले की बुधवार रात लगभग दो बजे जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. शत्रुघ्न दाहिया ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बालिका को मलेरिया हुआ था। छह दिन पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डा. दाहिया के अनुसार, सुषमा को मलेरिया के साथ मल्टीपल डिसीज़ थी। लगातार उपचार से मलेरिया को नियंत्रित हो चुका था, लेकिन अन्य बीमारी के कारण बालिका अचेत स्थिति में थी, जिसकी बुधवार देर रात मौत हो गई। ढाई बजे परिजन एंबुलेंस से शव लेकर गांव लेकर पहुंचे। मृतका का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गौरतलब है कि बैहर और बिरसा विकासखंड के आदिवासी बैगा क्षेत्रों में मलेरिया, खसरा, कुपोषण सहित अन्य बीमारियों से अब तक 34 बच्चों की मौत हो चुकी है। जबकि बैहर से कांग्रेस विधायक संजय उइके 43 मौतों का दावा कर चुके हैं। आज गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रभावित गांव जगला पहुंच रहे हैं, जहां वो मृत बच्चों के परिजनों से मिलेंगे। जगला में भी संक्रमित बीमारी से 4 बच्चों की मौत हो चुकी है।
बता दें कि, बालाघाट के बैहर और बिरसा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले आदिवासी बैगा इलाकों में बीते कई दिनों से मलेरिया, खसरा, कुपोषण और अन्य संक्रमित बीमारियों का प्रकोप है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की चपेट में आकर दोनों इलाकों में अब तक 34 बच्चों की जान जा चुकी है। हालांकि, सरकारी आंकड़ों से इतर बैहर से कांग्रेस विधायक संजय उइके का बच्चों की मौतों पर अपना दावा है। उनका कहना है कि, यहां अबतक 43 आदिवासी मासूम जान गवा चुके हैं।
इसी मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को प्रभावित बैगा क्षेत्र के दौरे पर हैं। वे करीब 15 - 20 मिनट में जगला गांव पहुंचेंगे। फिलहा, वो रास्ते में स्थित एक स्कूल पहुंचे हैं। यहां रुककर उन्होंने न सिर्फ बच्चों से बातचीत की, बल्कि रसोई घर और शौचालय की स्थिति भी देखी। यहां से वो बैगा क्षेत्र के लिए रवाना हो गए हैं। यहां वो बीमारी से जान गंवाने वाले बच्चों के परिजन से मुलाकात करेंगे। जगला में बीमारी से चार बच्चों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
राहुल गांधी के दौरे से पहले आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और पूर्व विधायक हिना कांवरे भी क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए प्रशासन और कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय हैं।