बालाघाट

Balaghat Accident: पेट पालने के लिए घर से निकले 6 आदमी, मंजिल तक नहीं पहुंच पाए, घर पहुंची डेडबॉडी

Balaghat Road Accident: सफर खत्म होने से पहले पहले जिंदगी से हाथ धो बैठे 6 मजदूर, पूरे गांव में छाया मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
2 min read
Sep 09, 2026
बोलेरो और ट्रक की भिडंत (Photo Source - Patrika)
बोलेरो और ट्रक की भिडंत (Photo Source - Patrika)

Balaghat news: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में पेट पालने के लिए घर से निकले 6 मजदूर अपनी मंजिल पर नहीं पहुंच सके। इससे पहले काल बनकर आए ट्रक ने उनकी जान ले ली। बता दें कि गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर बीती रात हुए हादसे में छह लोगों की मौत मामले में पुलिस ने ट्रक चालक पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीण थाना प्रभारी जय पवार के अनुसार ट्रक चालक मोहसिन खान निवासी गोंदिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 527/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 106 (1) 125 (ए) और 125 (बी) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई है। टीआई पवार के अनुसार हादसे में मोहसिन खान भी घायल हुआ है। गोंदिया अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है। इधर हादसे में मृत हुए बालाघाट के किरनापुर तहसील निवासी छह लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।

गांवों में पसरा मातम

घटना के बाद से गांव में मातम छाया हुआ है। बालाघाट जिले से रोजगार की तलाश में निकले मजदूरों का सफर मंजिल तक पहुंचने से पहले ही मौत में बदल गया। एक ही हादसे में छह लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने से संबंधित गांवों में मातम पसरा है। घटना ने एक बार फिर दूसरे राज्यों में मजदूरी के लिए जाने वाले श्रमिक परिवारों की सुरक्षित यात्रा और वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने जैसे मुद्दों को भी सामने ला दिया है।

यह है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार मजदूरों से भरी बोलेरो और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन में फंस गए। मृतकों में तीन साल का मासूम भी शामिल है। ट्रक में सवार ग्रामीण किरनापुर क्षेत्र के सावरी, किन्ही, लोडामा, पिपलगांव और पतलेरा सहित आसपास के गांवों के मजदूर है। जो रोजगार की तलाश में तेलंगाना के हैदराबाद की ओर जा रहे थे। बोलेरो में मजदूरों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी सवार थे। इसी दौरान नागरा के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मारी है।

इन छह लोगों की मौत

हादसे में आरुष मात्रे (3) किरण संतोष वैद्य (26) संतोष मात्रे (38) सुशीला मात्रे (35) रूपसेन सत्यकर (35) और ज्योति सत्यकर (32) की मौत हुई है। मृतकों में तीन वर्षीय आरुष के शामिल होने से हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

इनका अस्पताल में उपचार जारी

दुर्घटना में भूमेश्वर मात्रे, संगीता मात्रे, राजेंद्र पंचाले, लक्ष्मी पंचाल, संतोष वैद्य, राकेश बाहे और बोलेरो चालक संदीप बाहे घायल हुए हैं। सभी घायलों का गोंदिया के अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस ने किए दोनों वाहन जब्त

इस मामले में गोंदिया ग्रामीण थाना पुलिस ने ट्रक और बोलेरो दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई और ट्रक की गति कितनी थी। पुलिस द्वारा हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

Updated on:
09 Sept 2026 01:23 pm
Published on:
09 Sept 2026 01:19 pm