
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने बलिया में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं है और नेता एक-दूसरे को कमजोर करने में लगे हैं। अंसारी के मुताबिक, कांग्रेस में हर नेता दूसरे को शक की नजर से देखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में नेताओं के बीच सत्ता हासिल करने की होड़ लगी है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति सत्ता की भूख से चलती है और हर नेता अपने लिए बड़ा पद हासिल करना चाहता है।
मंत्री अनिल राजभर ने एमएलसी चुनाव में बीजेपी की जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी के सभी उम्मीदवार बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे। राजभर के मुताबिक, चुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों को शिक्षकों का आशीर्वाद मिल रहा है। इसके साथ ही ग्रेजुएट वोटरों का समर्थन और सहयोग भी पार्टी के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि 27 तारीख को वोटों की गिनती होगी। मतगणना के बाद नतीजे सामने आएंगे, तब उनकी बात सही साबित हो जाएगी।
वहीं. लखनऊ में MLC चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के आरोपों पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपनी हार का अंदाजा हो गया है। इसलिए पार्टी अपनी इज्जत बचाने के लिए इस तरह के बयान दे रही है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी ने समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़कर वोटरों का समर्थन हासिल किया है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी टीचर्स और ग्रेजुएट चुनाव क्षेत्रों की सभी 11 सीटों पर जीत हासिल कर रही है।
वाराणसी में होने वाले एयर शो को लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि कल सभी लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश में इतने बड़े कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार जताने की बात भी कही। ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह रक्षा क्षेत्र से जुड़ा एक बड़ा कार्यक्रम है।