बलिया

‘एक जोड़ी बैल दिला दीजिए साहब’, बलिया में डीएम कार्यालय पहुंचे किसान ने की अनोखी मांग, डीजल-पेट्रोल की किल्लत का दिया हवाला

Ballia news : बलिया के जिलाधिकारी उस समय सकते में आ गए जब उनके पास एक किसान पहुंचा और एक जोड़ी बैल की मांग कर दी। किसान की बात सुनकर डीएम कार्यालय में मौजूद अन्य लोग भी हैरान रह गए।

2 min read
May 26, 2026
Pc-patrika

बलिया के जिलाधिकारी उस समय सकते में आ गए जब उनके पास एक किसान पहुंचा और एक जोड़ी बैल की मांग कर दी। किसान की बात सुनकर डीएम कार्यालय में मौजूद अन्य लोग भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि किसान ने डीजल और पेट्रोल महंगा होने का हवाला दिया। इसके साथ ही बताया कि जिले में डीजल और पेट्रोल की किल्लत हो गई है और वह किसान है, इसलिए खेती के लिए बैल का सहारा लेना चाहता है।

ये भी पढ़ें

रोटी खिलाते ही भड़की गाय, वाराणसी में साथ लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे थे सपाई, सड़क पर खूब छकाया

सुर्खियों में रहता है बलिया का यह किसान

पटखौली गांव के रहने वाले नवीन राय उर्फ चुन्ना पेशे से किसान हैं और कई बार सुर्खियां बटोरते रहते हैं। बीते दिनों पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना और बीएसएफ के जवानों को अनाज भेजना और चुनाव के दौरान सिक्योरिटी के रूप में भूसा जमा करने जैसे अजीबो गरीब काम के लिए चुन्ना मशहूर हैं। वहीं डीएम कार्यालय पहुंचे चुन्ना ने अब जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से अनोखी मांग करते हुए बताया कि जिले में इस समय पेट्रोल पंप पर मालिकों की मनमानी चल रही है। कई स्थानों पर पेट्रोल नहीं मिल रहा है और जहां मिल रहा है वहां उसकी मात्रा सीमित कर दी गई है।

उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट मंडरा रहा है। ऐसे में खेती करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि खेत की जुताई के लिए ट्रैक्टर में तेल नहीं भरवा पा रहे हैं। इसके साथ ही डीजल और पेट्रोल के दाम भी बढ़ चुके हैं। ऐसे में गरीब किसान खेती करने में असमर्थ है। उन्होंने जिलाधिकारी से एक जोड़ी बैल की मांग कर दी।

जुताई के बाद बैल वापसी का भरोसा

चुन्ना ने बताया कि ईरान में जिस तरह के हालात हैं, वैसे नहीं होने चाहिए थे। पेट्रोल और डीजल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ऐसे में खेत की जुताई और बुवाई, इसके साथ ही सिंचाई की व्यवस्था कर पाना काफी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने पशुपालन विभाग से बैल दिलाने की मांग की, जिसके बाद जिलाधिकारी ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया है। चुन्ना ने जिलाधिकारी से वादा किया है कि खेत की जुताई और बुवाई के बाद वह बैल को वापस कर देंगे।

जिलाधिकारी ने चुन्ना की अनोखी मांग के बाद पशुपालन विभाग से इस बाबत जानकारी मांगी है। उन्होंने चुन्ना को भरोसा दिया है कि वह हर तरीके से उनकी मदद करेंगे। हालांकि, जब चुन्ना ने इस तरह की डिमांड की तो डीएम कार्यालय में बैठे अन्य फरियादी चौंक गए। कुछ देर के लिए डीएम साहब को भी यह मजाक लगा, लेकिन चुन्ना के बार-बार मिन्नत करने के बाद उन्होंने मदद का भरोसा दिया।

ये भी पढ़ें

वाराणसी में बना यूपी का पहला पेपरलेस एनिमल ट्रैकिंग केंद्र, डॉग्स के गले में लगाई जा रही डिजिटल चिप, जानें क्या है उद्देश्य
Published on:
26 May 2026 02:41 pm
Also Read
View All