बलिया

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए बलिया में बदला जाएगा गंगा का रास्ता, किसानों को भी होगा फायदा, गोरखपुर की एजेंसी को दिया गया काम

Ballia news: यूपी में हो रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर अब गंगा नदी का रास्ता बदलने की तैयारी की जा रही है...
2 min read
May 20, 2026
Ballia Greenfield express way
AI image (chatgpt)

बलिया: यूपी में हो रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर अब गंगा नदी का रास्ता बदलने की तैयारी की जा रही है। माल्देपुर में गंगा नदी से होने वाली कटान से एक्सप्रेसवे को बचाने के लिए सेतु निगम ने कार्य को प्रारंभ कर दिया है और बताया जा रहा है कि इस साल बाढ़ आने से पहले ही नदी की धारा को बदल दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि सेतु निगम 18 मीटर अंदर से बोरी और बोल्डर डालने का काम कर रहा है।

बलिया में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को बाढ़ में गंगा नदी से होने वाली कटान से बचाने के लिए अब गंगा नदी का रास्ता बदला जा रहा है। बताया जा रहा है कि नदी को मोड़ने के लिए 200-200 मीटर पर 6 स्पर बनाए जाएंगे। सेतु निगम के अधिकारियों की माने तो एप्रन व पीचिंग के लिए भी कार्य कराया जाएगा। वहीं इस कार्य के बाद आसपास के किसानों को भी फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

गोरखपुर के सेतू निगम को जिम्मेदारी

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने गोरखपुर के सेतु निगम को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही इस कार्य को करने के लिए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि पिछले साल जब गंगा नदी में बाढ़ आई थी तो नदी का कटान एक्सप्रेस में से केवल 50 मीटर की दूरी तक हो रहा था। इससे एक्सप्रेस को नुकसान होने का खतरा बन गया था। वहीं संबंधित विभाग ने खेरीपाकड़ व माल्देपुर के सामने बाढ़ से कटान को रोकने के लिए कार्य कराया था। बावजूद इसके नदी ने माल्देपुर में कटान की थी।

आएगी 125 करोड़ रुपए की लागत

हालांकि, इस परियोजना से नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया को उम्मीद है कि कटान नहीं होगी। वहीं अधिकारियों ने बताया है कि इस साल बाढ़ आने से पूर्व ही इस काम को पूरा कर लिया जाएगा। गोरखपुर के सेतू निगम के अधिकारी ने बताया कि फिलहाल कार्य को शुरू कर दिया गया है। उम्मीद है की बाढ़ आने से पूर्व ही इस काम को पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही ग्रीन फील्ड को कोई नुकसान न पहुंचे इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना में कल 125 करोड़ रुपए की लागत आएगी और कुल कार्य 1200 मीटर तक कराया जाना है।

Updated on:
20 May 2026 08:26 am
Published on:
20 May 2026 08:26 am