बलिया

दुकान बंद कर घर जा रहे सर्राफा कारोबारी से लूट, बलिया में बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, 10 लाख का माल लूट ले गए आरोपी

Loot in Ballia: बलिया में बाइक सवार बदमाशों द्वारा दुकान बंद करके घर जा रहे सर्राफा कारोबारी से लूट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है..
2 min read
Aug 16, 2026
crime news in maharashtra chattisgarh
AI Image(ChatGpt)

Ballia Crime news: बलिया में बाइक सवार बदमाशों द्वारा दुकान बंद करके घर जा रहे सर्राफा कारोबारी से लूट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे और असलहे के बल पर करीब 10 लाख रुपए के आभूषण से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, बलिया के नरही थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक सर्राफा कारोबारी से ज्वेलरी से भरा बैग लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी होने के बाद नरही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित आभूषण कारोबारी से मामले की पूरी जानकारी ली। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने बताया कि नरही थाना क्षेत्र के उजियार गांव के रहने वाले आशीष वर्मा की नरही में एक ज्वेलरी की दुकान है। प्रतिदिन की तरह शनिवार की देर शाम भी वह दुकान बंद करके अपने घर के लिए निकले थे। इसी दौरान कुमकुम पट्टी के समीप बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और असलाहे के बल पर उनसे करीब 10 लाख रुपए के आभूषण से भरा बैग छीन कर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात के बाद सराफा कारोबारी घबरा गए और उन्होंने जैसे तैसे पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

टीम का हुआ गठन

पुलिस ने बताया है की जानकारी के बाद स्थानीय थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। पुलिस फिलहाल बदमाशों के आने के रास्ते और भगाने के सभी रास्तों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से भी बदमाशों की पहचान की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि मामले में पीड़ित सराफा कारोबारी ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया है कि पूरे मामले के खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया है।

Updated on:
16 Aug 2026 02:41 pm
Published on:
16 Aug 2026 02:41 pm