
बलिया के मनियर में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान एक माह की बच्ची की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डीजे के तेज आवाज और कंपन के कारण बच्ची की जान गई। पुलिस ऑपरेटर को हिरासत में लेकर थाने ले गई है। साथ ही डीजे को भी कब्जे में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा।
मामला दक्षिण टोला स्थित बिंद बस्ती का है। गोरख गोंड की विवाहित बेटी रीमा करीब 20 दिन पहले अपने मायके आई थी।शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे वह अपनी एक माह की बच्ची को गोद में लिए घर के दरवाजे पर खड़ी थीं। जुलूस में बज रहे डीजे की आवाज काफी तेज थी। इसी दौरान बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर नजदीकी डॉक्टर के पास पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो गई थी।
गोरख गोंड़ का आरोप है कि डीजे के तेज शोर से बच्ची का शरीर अकड़ गया था और वह बेहोश हो गई थी। परिजन तुरंत उसे लेकर निजी डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रीमा की शादी बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के राजागांव खरौनी के टईया टोला निवासी विशुनचंद शाह से हुई है। रीमा के पहले से एक बेटा और एक बेटी हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस्ती में लक्ष्मी प्रतिमा की स्थापना की गई थी, लेकिन विसर्जन जुलूस निकालने और डीजे बजाने के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने डीजे को कब्जे में लिया।
पुलिस ने बताया कि बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में जुलूसों और धार्मिक आयोजनों में डीजे की आवाज को लेकर चर्चा तेज है। ग्रामीणों का कहना है कि नवजात, बीमार और बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुए आवाज की तय सीमा का पालन कराया जाना चाहिए।