बलिया

लिव इन पार्टनर के घर के पास टावर पर चढ़ी प्रेमिका, प्रेमी को बुलाने की मांग, बलिया में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Latest news Ballia। Girl climb on mobile tower: बलिया के बांसडीह में स्थित एक गांव में लगे मोबाइल टावर पर एक युवती चढ़कर हंगामा करने लगी।
2 min read
Jul 19, 2026
Ballia news
Pc-Patrika

Ballia News: बलिया के बांसडीह में स्थित एक गांव में लगे मोबाइल टावर पर एक युवती चढ़कर हंगामा करने लगी। रविवार की सुबह युवती के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उससे उतरने की बात कहने लगे। हालांकि, युवती ने कहा कि उसके लीव इन पार्टनर को बुलाने के बाद ही वह नीचे उतरेगी। वहीं, युवती की डिमांड जानने के बाद ग्रामीणों ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को टावर से समझा बुझाकार नीचे उतार लिया है।

क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक, मनिहार थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव की रहने वाली युवती अपने कथित लिव इन पार्टनर अंकित गोंड के गांव छितौनी पहुंची। इस दौरान उसने अंकित के परिजनों से मुलाकात की और अंकित का पता पूछा। परिजनों ने बताया कि अंकित काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ है और वहीं नौकरी करता है, जिसके बाद युवती बार-बार अंकित को बुलाने की मांग करने लगी।

दरअसल, युवती ने आरोप लगाया है कि वह और अंकित दोनों कई सालों से लिव इन में रह रहे थे, लेकिन अचानक ही कुछ दिनों के बाद अंकित के परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हो गई, जिसके बाद अंकित ने युवती से दूरी बना ली। वहीं, अंकित ने अपना मोबाइल नंबर भी बदल दिया। इसके बाद युवती अंकित के गांव पहुंची और अंकित के बारे में जानकारी करने लगी। परिजनों द्वारा अंकित को बाहर जाने की जानकारी दिए जाने के बाद युवती भड़क गई और पास ही स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर अंकित को बुलाने की मांग करने लगी।

मौके पर पहुंचे तहसीलदार

बताया जा रहा है कि मोबाइल टावर करीब 130 फीट ऊंचा है और युवती टावर के सबसे ऊपरी छोर पर बैठी हुई थी। वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस भी युवती को समझने का प्रयास करने लगी। वहीं, पूरे मामले की जानकारी तहसीलदार नितिन कुमार सिंह को भी दे दी गई है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने भी युवती से नीचे उतरने की बात कही, लेकिन युवती मानने को तैयार नहीं हुई। वह बार-बार अंकित को बुलाने की मांग कर रही थी। हालांकि, पुलिस और तहसीलदार के बार-बार समझाने के बाद और काफी प्रयासों से करीब 3 घंटे बाद युवती को सकुशल टावर से नीचे उतार लिया गया। वहीं, पुलिस युवती को हिरासत में लेकर थाने पहुंची है।

Updated on:
19 Jul 2026 12:35 pm
Published on:
19 Jul 2026 12:35 pm