
Bajaj owner murder in Rajasthan: राजस्थान के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम 4 बजे उत्तर प्रदेश से आए दो लोगों की हत्या कर शव कुओं में फेंक दिए गए। मृतकों की पहचान बलिया के बजाज शोरूम मालिक अशोक सिंह और उनके मैकेनिक विकास कुमार के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि उन्हें 9 लाख रुपए का जनरेटर मात्र 3.5 लाख रुपए में देने का झांसा देकर बुलाया गया और फिर सुनसान जगह पर हत्या कर दी गई।
शाहजहांपुर SHO मनोहरलाल मीणा ने बताया कि मृतकों की गुमशुदगी की रिपोर्ट 21 सितंबर को दिल्ली के रेल भवन थाने में दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट अशोक सिंह के भाई और IRS अधिकारी निर्भय नारायण सिंह ने लिखवाई थी। दोनों 19 सितंबर से लापता थे। जांच में पता चला कि अशोक सिंह ने 16 सितंबर को जनरेटर खरीदने के लिए ऑनलाइन डील की थी।
परिजनों के अनुसार, अशोक सिंह घर से बिना बताए जयपुर के लिए निकले थे। 19 सितंबर से ही परिवार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला। परिजनों को संदेह होने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई।
जांच में सामने आया कि अशोक और विकास को यूपी से आने के बाद आरोपियों ने हरियाणा और कोटपूतली क्षेत्र में लगातार घुमाया। कभी गुरुग्राम, तो कभी कोटपूतली के आस-पास उन्हें रखा गया। मोबाइल लोकेशन भी इन इलाकों में ट्रेस हुई, लेकिन बाद में शाहजहांपुर क्षेत्र में उनका फोन स्विच ऑफ हो गया।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर बलिया पुलिस ने राजस्थान पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद दोनों टीमें संयुक्त जांच में जुटीं। इसी दौरान शाहजहांपुर पुलिस को जौनायचाखुर्द और सांसेडी गांवों के कुओं से बदबू आने की सूचना मिली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों कुओं से शव बाहर निकाले। मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे और देर शाम ही शव लेकर लखनऊ रवाना हो गए। पुलिस ने प्राथमिक जांच में इसे हत्या माना है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।